बिल्सी। भारतीय हलधर किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष नरेश चंद्र के पुत्र की कुछ लोगों से मामूली बात पर पिटाई कर दी। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाते हुए यूनियन के सदस्यों ने बदायूं रोड स्थित जिला कैंप कार्यालय के सामने रात में ही धरना शुरू कर दिया। रविवार की सुबह कोतवाली पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
क्षेत्र के गांव दिधौनी निवासी एवं भारतीय हलधर किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष नरेश चन्द्र का पुत्र देवांश चन्द्रा नगर के कछला रोड स्थित एक स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव में शामिल होने गया था। शाम करीब तीन बजे देवांश घर लौट रहा था। आशु गुप्ता बक्सा वाले की दुकान के सामने मोहल्ला संख्या तीन निवासी हसन और सुभान एवं दो अज्ञात लड़कों ने उनके पुत्र को रोककर गाली-गलौज व मारपीट करते हुए जाति सूचक शब्द कहे।
मौके पर आए लोगों ने मामला शांत कराया। इसके बाद नरेश चंद्र ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर भारतीय हलधर किसान यूनियन के पदाधिकारी बदायूं रोड स्थित कैंप कार्यालय पर एकत्रित हुए और रात में ही धरने पर बैठ गए। धरना सुबह तक चलता रहा।
बाद में यहां पहुंची पुलिस ने पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। तब जाकर धरना खत्म किया गया। कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि मारपीट के मामले में दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।