युवक 18 सितंबर को फसल की रखवाली करने खेत पर गया था। इसके बाद नहीं लौटा। उसके परिजनों ने 20 सितंबर को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार को गांव के बाहर झाड़ियों में कंकाल मिला। मौके पर मिले कपड़ों से परिजनों ने मृतक की पहचान की।
बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव पीर बट्टू में पिछले पांच दिन से लापता युवक का कंकाल बरामद हुआ है। ग्राम पीर बट्टू निवासी युवक उमेश उर्फ कर्रू (35) 18 सितंबर को अपनी फसल की रखवाली करने गया था। तब से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।
विज्ञापन
परिवार वाले लगातार उसको तलाश कर रहे थे। 20 सितंबर को परिवार वालों ने उझानी कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार सुबह खेत के नजदीक झाड़ियों में बदबू आने पर लोगों ने वहां जाकर देखा तो युवक का कंकाल पड़ा था। मौके पर परिवार वालों ने कपड़ों से उमेश के तौर पर उसकी पहचान की।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन के बाद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों का कहना है कि उसकी हत्या करके झाड़ियों में शव को फेंका गया है। हालांकि परिवार वालों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है।