एसबीआई ई-कॉर्नर को छोड़ अधिकांश एटीएम रहे बंद
हजार और पांच सौ रुपये के नोट एक्सचेंज करने के लिए बैंक शाखाओं के सामने उमड़ रही भीड़ संडे के अवकाश पर बैंक शाखाओं के बाहर नजर नहीं आई, लेकिन रुपये निकालने की उम्मीद में लोग एटीएम को चेक करते रहे। एटीएम पहुुंचने पर उन लोगों को निराशा ही हाथ लगी।
रविवार के अवकाश पर भले ही बैंक कर्मियों को राहत मिल गई हो, लेकिन जरूरतमंद लोगों ने रुपये एक्सचेंज करने के लिए एटीएम के बाहर चक्कर लगाते नजर आए। शहर में स्थित अधिकांश बैंकों के एटीएम बंद रहे, लेकिन एसबीआई की मुख्य शाखा परिसर में स्थित ई-कॉर्नर खुला होने से लोगों को खासी राहत मिली। लोग रुपये निकालने के लिए दोपहर तक लाइन में लगे रहे। साथ ही रुपये जमा करने का काम भी किया गया। वहीं, इंदिरा चौक पर स्थित आईसीआईसीआई, यूको बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा की इॅ-लॉबी, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम, केनरा बैंक, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम, केनरा बैंक आदि के एटीएम बंद पड़ रहे। एटीएम बंद होने के बाद भी तमाम लोग एटीएम के बाहर पहुंचकर देखने पहुंचे, लेकिन एटीएम का शटर डाउन होने की वजह से निराश होकर घरों में लौट आए।