बदायूं। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को खीरी जाने से रोकने और उनको नजरबंद किए जाने से भड़के सपाइयों ने सोमवार को जिले भर में प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर सपाइयों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। सपाइयों ने शहर में नारेबाजी करते हुए डीएम रोड पर जाम लगा दिया।
सपा जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलक्ट्रेट को निकले थे लेकिन पुलिस ने उनको रास्ते में ही रोक दिया। ऐसे में कार्यकर्ता डीएम रोड पर ही बैठ गए। यहां जाम लग गया। प्रेमपाल सिंह यादव ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने खीरी जाने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री समेत गृह राज्यमंत्री और उनके बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए। इस मौके पर पूर्व विधायक मुस्लिम खां, ब्रजेश यादव, यासीन अहमद गद्दी, अवधेश यादव, सलीम अहमद, बलवीर सिंह, शशांक यादव आदि रहे। सहसवान में विधायक ओमकार सिंह यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। उन्हें सहसवान आवास में पुलिस ने कुछ समय नजरबंद रखा। सपा नेता नईमुल हसन उर्फ लड्डन मिया को भी घर में नजरबंद कर दिया गया।
पूर्व विधायक समेत 107 सपाइयों पर शांति भंग की कार्रवाई
बिसौली। खीरी कांड के विरोध में सोमवार को सपाइयों ने पूर्व विधायक आशुतोष मौर्या के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाइयों ने मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे जाम करने की कोशिश भी की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके। सपाइयों और सीओ विनय चौहान के बीच नोकझोक भी हुई। जाम लगाने की कोशिश कर रहे सपाइयों को पुलिस बस में भर कर कोतवाली ले गई। पुलिस ने पूर्व विधायक समेत एक सौ सात लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए मुचलका पाबंद किया है। प्रदर्शन करने वालों में मनोहर सिंह यादव, आशीष गर्ग, आकाश मिश्रा, वीर सिंह यादव, राजीव, रविन्द्र शर्मा, प्रभाकर शर्मा, हरिओम यादव आदि रहे।
खीरी कांड के विरोध में सपाइयों ने बरेली-मथुरा हाईवे जाम किया
उझानी। खीरी कांड के विरोध में सोमवार को सपाइयों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सपाइयों ने बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटा तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
सपाइया टेड़ामल अग्रवाल और राम प्रवेश यादव के नेतृत्व सपा कार्यकर्ता पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल के कोल्ड स्टोरेज परिसर में एकत्र हुए। इसके बाद जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए बाईपास पर पहुंचे। प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद सपाई यहां हाईवे पर बैठ गए। इससे हाईवे जाम हो गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। इस दौरान राडवेज बसों के चालकों से सपाइयों की नोकझोक भी हुई। बाद में पुलिस ने कार्यकर्ताओं सड़क से हटा दिया। बसों में से चार-पांच सवारियां उतर कर प्रदर्शनकारियों के करीब पहुंच गईं। उन्होंने किसानों का उत्पीड़न बताते हुए नारे लगाने शुरू कर दिए।
सीओ ऑफिस के सामने मुख्यमंत्री का पुलता फूंका
दातागंज। खीरी कांड के विरोध में सोमवार दोपहर करीब एक बजे काफी संख्या में सपाई विरोध प्रदर्शन करते हुए सीओ ऑफिस पहुंचे। यहां सपाइयों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिस वक्त सपाई यहां पहुंचे थे उस वक्त सीओ प्रेम कुमार थापा कार्यालय में मौजूद नहीं थे। यहां सपाइयों ने नारेबाजी करते हुए खीरी कांड के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। पुलिस फूंक रहे सपाइयों को पुलिस ने खदेड़ दिया। पुतला फूंकते वक्त उधरा उधनिया गांव का रहने वाला रनवीर सिंह नाम का सपा कार्यकर्ता मामूली झुलस भी गया। इस संबंध में बात करने पर सीओ प्रेमकुमार थापा ने बताया कि वह विभागीय काम से प्रयागराज में हैं। वापस आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
बिल्सी में ज्ञापन दिया
बिल्सी। खीरी कांड के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने सपा नेत्री ममता शाक्य, जिला उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह शाक्य के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करने के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह को सौंपा। इस मौके पर किशोरी लाल शाक्य, ध्रुव यादव, सुभाष यादव, संजय कश्यप, प्रियेन्द्र शाक्य, सरताज अल्वी, देवेंद्र यादव आदि रहे।