बदायूं। मंगलवार तड़के पांच बजे से करीब डेढ़ घंटे तक शहर में हुई तेज बारिश ने शहर की सड़कों को तालाब का रूप दे दिया। हालांकि उस वक्त चहल-पहल नहीं होने से किसी को दिक्कत नहीं हुई। लेकिन निचले इलाकों में सड़कों पर दोपहर तक जलभराव और कीचड़ रहा। लोगों का कहना है कि बिना सीवर लाइन बने शहर से जलभराव खत्म होने वाला नहीं है।
बारिश का मौसम शहरवासियों के लिए किसी दुश्ववारियों से कम नहीं है। शहर में अधिकांश सड़क पर हल्की सी ही बारिश में जलभराव हो जाता है। स्थानीय लोगों के अलावा आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। काफी समय बाद जब पानी सड़क से निकल जाता है तो कीचड़ और भी ज्यादा परेशानी पैदा कर देती है। मंगलवार को शहर में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सुबह पांच बजे से करीब डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश ने लोगों को जीना दूभर कर दिया। बारिश से शहर के पॉश इलाकों समेत मुख्य सड़क के साथ में गलियों में जलभराव हो गया था। बारिश के दिनों में शहरवासियों को सीवर लाइन की जरूरत महसूस होती है। लोग कहते हैं कि अगर नेताओं के वादे के मुताबिक शहर में सीवर लाइन पड़ जाए तो ही जलभराव की इस मुसीबत से छुटकारा मिल सकता है।
इन जगहों पर हुआ जलभराव
- शहर के लावेला चौक, छह सड़का, गांधी ग्रांउड, शिवचौक की तरफ, आवास विकास, जवाहरपुर, लोटनपुरा समेत अन्य जगहों पर जलभराव की समस्या ज्यादा है।