बदायूं। जिले में चालकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है लेकिन 15 दिन में सिर्फ 14 लोगों ने ही नौकरी के लिए आवेदन किया है। दरअसल इसके लिए हेवी पब्लिक सर्विस लाइसेंस की जरूरत है लेकिन जिले में ऐसे उम्मीदवार नहीं हैं। जिन लोगों के लाइसेंस हैं वह कहीं न कहीं नौकरी कर रहे हैं।
बदायूं डिपो से अलग-अलग रूटों पर 165 निगम की बसों का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में डिपो में 30 संविदा और 35 नियमित चालक हैं। बीते कुछ महीन में बसों की संख्या बढ़ गई है। ऐसे में डिपो को 100 और चालकों की जरूरत है। चालकों की कमी की वजह से कभी-कभी बसें खड़ी रह जाती हैं। चालक पद पर भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थियों को 31 मई तक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी की लंबाई न्यूनतम पांच फीट तीन इंच होनी चाहिए। भारी मोटर वाहन चलाना जानता हो और दो वर्ष पुराना पब्लिक सर्विस हेवी लाइसेंस होना अनिवार्य है। न्यूनतम आयु 23 वर्ष छह माह और अधिकतम 52 वर्ष होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदन करते समय दो माह पुराने दो पासपोर्ट साइज फोटो, लाइसेंस, न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं पास की टीसी एवं अंकतालिका, आईडी आधार कार्ड/पेनकार्ड/वोटर आईडी/जाति प्रमाण पत्र/मूल निवास प्रमाण पत्र) जमा कराना होगा। औसतन एक चालक को महीने में 19000 रुपये मिलेंगे।
संविदा चालकों को मिलेंगी ये सुविधाएं-
-प्रतिमाह तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि पाने का अवसर
-वर्ष में उत्तम चालकों को सात दिन का आकस्मिक अवकाश सहित 1500 रुपये
-वर्ष में उत्कृष्ट चालकों को 14 दिन का आकस्मिक अवकाश सहित तीन हजार रुपये की सुविधा
-उत्तम चालकों को प्रतिमाह 16593 रुपये वेतन
-उत्कृष्ट चालकों को प्रतिमाह 19593 रुपये वेतन
-परिवार यात्रा के लिए फ्री पास, रात्रि भत्ता और ईपीएफ की सुविधा
-यात्री राहत योजना के तहत साढ़े सात लाख रुपये।
-दुर्घटना बीमा पांच लाख रुपये।
वर्जन::
डिपो में चालक पदों पर खुली भर्ती की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। जिले में लाइसेंस धारक कम हैं जिस वजह से यहां कम लोग आवेदन कर रहे हैं।....अजय कुमार, एआरएम