इस्लामनगर में खंभे पर रस्सी से बांधकर युवक को पीटते लोग।स्रोत:वीडियोग्रैब
इस्लामनगर (बदायूं)। इस्लामनगर कस्बे में बस स्टैंड के पास शनिवार देर रात मोहल्ले के लोगों ने एक महिला के घर आए झोलाछाप को पकड़कर धुन दिया। महिला का प्रेमी होने का आरोप लगाने वाले इन लोगों ने बाद में उसे खंंभे से बांधकर भी पीटा। विरोध करने पर महिला को भी पिटाई की। महिला की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया हैं।
कस्बा के एक मोहल्ले की महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी ससुराल हरियाणा में है। वह अपने दो साल के बेटे के साथ बीए का पेपर देने मायके आई थी। शनिवार को उनके बेटे की तबीयत खराब हो गई थी। उसका इलाज मुहल्ले के ही आसिफ सैफी से चल रहा था। इस वजह से उन्होंने आसिफ सैफी को फोन करके घर बुलाया था।
आसिफ सैफी जैसे ही उसके घर आए, वैसे ही मुहल्ले के महावीर, महेश, मनीश, ओमपाल, शेर सिंह, मेघ सिंह, कुलदीप व इनके कई साथी घर में घुस आए। आरोपी गाली गलौज करते हुए उसे व आसिफ सैफी को पीटने लगे। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। फिर आरोपी आसिफ सैफी को घर से खींचकर बाहर ले आए। उन्हें बिजली के खंभे से बांधकर जमकर पीटा। करीब 20 मिनट तक आरोपी उन्हें पीटते रहे। इसी बीच आसिफ के परिजनों को जानकारी मिली तो वे भी मौके पर आ गए। काफी मशक्कत के बाद आरोपियों के चंगुल से उसे बचाया गया।
महिला व आसिफ के साथ मारपीट और खंंभे से बांधने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस्लामनगर इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश की जा रहीं है।