मृतका ज्योति का फाइल फोटो। स्त्रोत परिवार द्वारा
बिल्सी (बदायूं)। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को प्रसव को आई एक प्रसूता की बच्चे को जन्म देने से पहले ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार के लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल परिवार के लोग मृतका के शव को देहरादून अपने घर लेकर चले गए है।
मोहल्ला पांच की वाल्मीकि बस्ती निवासी रामश्री के घर में रह रही उनकी धेवती ज्योति (30) पत्नी निखिल कुमार निवासी देहरादून को प्रसव पीड़ा होने पर सुबह करीब सात बजे नगर के सीएचसी में भर्ती कराया था। परिवार के लोगों ने बताया कि सुबह 10 बजे तक ज्योति की हालत ठीक थी। उसने 11 बजे खाना भी खाया। उसके एक घंटे बाद उसकी हालत अचानक से खराब हो गई। धीरे-धीरे वह बेहोशी की हालत में पहुंच गई। इसे देखकर स्टाफ नर्स घबरा गई। आनन-फानन में यहां तैनात महिला चिकित्सक को बुलाया। हालत गंभीर होने पर उसने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिवार के लोगों ने बताया कि जैसे ही वह जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां चिकित्सकों ने देख कर उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी में इलाज के दौरान स्टाफ ने लापरवाही की थी। परिवार के लोगों ने इसकी सूचना मृतका के ससुराल वालों को दी। उसका शव को लेकर देहरादून को चले गए है। परिवार के लोगों ने लिखित शिकायत नहीं की।