बदायूं। विधानसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सी विजिल एप को सक्रिय किया है। इसके तहत अगर कहीं पर भी कोई व्यक्ति आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो लोग इस एप की मदद से फोटो या वीडियो अपलोड कर सकते हैं। उसके बाद में नजदीकी अधिकारियों को इसकी सूचना मिल जाएगी जिससे तुरंत कार्रवाई हो सकेगी।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की तिथियों की घोषणा करने के बाद सी विजिप एप को सक्रिय कर दिया गया है। अगर किसी भी राजनीतिक दल, प्रत्याशी या समर्थक समेत किसी अन्य द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा हो, डराया व धमकाया जा रहा हो या फिर प्रलोभन दिया जा रहा हो तो उसके लिए यह एप अत्यंत कारगर साबित होगा।
डीएम दीपा रंजन ने बताया कि एंड्रॉयड फोन पर लोग इस एप को डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद कहीं भी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की फोटो या वीडियो लेकर इस एप पर फीड कर देना है। इसके बाद पांच मिनट के अंदर स्थानीय चुनाव अधिकारी के पास शिकायत चली जाएगी। शिकायत सही है तब 100 मिनट के अंदर ही उस समस्या का समाधान किया जाएगा। इस दौरान शिकायतकर्ता की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा। संवाद