कांग्रेस के जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में विचार रखते जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। महिलाओं को टिकटों में 40 फीसदी की भागीदारी के अपने दावे को पूरा करने का दम भरते हुए कांग्रेसियों ने शहर में महिला शक्ति पदयात्रा निकाली। सभा में जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने कहा कि पार्टी ने चुनाव से पहले ही महिला भागीदारी वाला अपना वादा पूरा कर दिखाया है।
जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह के नेतृत्व में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने सभी प्रत्याशियों के साथ, कांग्रेस की पहली प्रतिज्ञा पूर्ण होने पर पुरानी चुंगी से लेकर प्राइवेट बस स्टैंड तक महिला शक्ति पद यात्रा का आयोजन किया। यात्रा के समापन पर जिला कांग्रेस कार्यालय पर एक सभा का आयोजन किया गया। हर विधानसभा क्षेत्र से 10 महिलाओं को चिह्नित कर उनका सम्मान किया गया जिनका सामाजिक व महिला उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा हो या भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान के साथ हमेशा खिलवाड़ होता रहा है।
हमारी नेता प्रियंका गांधी ने महिलाओं को सशक्त करने का काम किया है। प्रियंका गांधी ने चालीस फीसदी टिकट का वादा पूरा करते हुए महिलाओं को याद दिलाया कि अगर कोई महिला घर चला सकती है तो प्रदेश और देश को भी चला सकती है। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी रजनी सिंह, अंकित चौहान, ममता प्रजापति, राजवीर यादव, आतिफ़ ख़ां ने भी विचार रखे। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता सिंह, जिला मीडिया इंचार्ज अरबाज रजी, मोहम्मद यशव, आकाश पाठक, राम रतन पटेल, मोरपाल प्रजापति, अनिल उपाध्याय आदि ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। संवाद