जोनल खेल प्रतियोगिता में बदायूं की टीम के साथ डीएम दीपा रंजन और एसएसपी डॉ. ओपी सिंह। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही पुलिस विभाग की दो दिवसीय जोनल खेल प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। इसमें बदायूं की टीम ने बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, आर्म रेसलिंग (पंजा लड़ाने) और कुश्ती प्रतियोगिता में बाजी मारी। डीएम दीपा रंजन और एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने विजयी प्रतिभागियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रतियोगिता में बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, संभल और अमरोहा के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस मौके पर मुरादाबाद और रामपुर के बीच कबड्डी का मुकाबला भी हुआ। दोनों टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया। अंत में मुरादाबाद की टीम विजयी रही।
इससे पहले डीएम बदायूं दीपा रंजन ने कहा कि खेल में हार जीत लगी रहती है लेकिन इसमें शामिल होना आवश्यक है। खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। आगे भी अच्छा प्रदर्शन करें और अपने विभाग व जिले का नाम रोशन करें। अंत में उन्होंने विजयी खिलाड़ियों को शील्ड देकर सम्मानित किया और प्रशस्ति पत्र दिए।
इस दौरान एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान, एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा, सीओ उझानी गजेंद्र कुमार श्रोतिया, सीओ सिटी आलोक मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक पंकज कुमार सिंह और अन्य कर्मचारी अधिकारी मौजूद रहे। संवाद