उझानी कोतवाली इलाके में थाने की जगह देखते एसएसपी, एसपी सिटी और एसडीएम सदर। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। उझानी कोतवाली इलाके में एक और थाना बनेगा। इसके लिए कछला पुल के पार जगह चिह्नित की गई है। यहां से पुलिस आसानी से कछला पुल और उसके आसपास का एरिया कवर कर सकेगी। लोगों की भागदौड़ भी बचेगी।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान और एसडीएम सदर एसपी वर्मा मंगलवार दोपहर उझानी कोतवाली क्षेत्र में पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने कछला पुल के पार एक स्थान का निरीक्षण किया। एसएसपी ने बताया कि कछला पुल के पार के तमाम गांव उझानी कोतवाली क्षेत्र में आते हैं। करीब चार किलोमीटर तक का एक एरिया है। इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी उझानी पुलिस की है। हालांकि कछला में पुल के इस पार एक पुलिस चौकी है लेकिन एरिया ज्यादा बड़ा होने से कभी-कभी व्यवस्था बिगड़ जाती है। इसके अलावा कछला गंगा घाट पर तमाम कार्यक्रम, गंगा स्नान के दौरान भी पुलिस की आवश्यकता होती है। ऐसे में एक थाने से काम नहीं चलता। यहां कई थानों की पुलिस लगानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि कछला पुल के पार जगह चिह्नित कर ली गई है। यह जगह थाने के हिसाब से ठीक है। इसके अलावा उझानी कस्बे के नजदीक बदायूं रोड पर सीओ कार्यालय और आवास भी बनाया जाएगा। अब तक उझानी सीओ बदायूं कार्यालय में बैठ रहे हैं। इस जगह को भी निर्धारित कर दिया गया है। जल्द ही इनका निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। तब तक के लिए उझानी सीओ का कार्यालय ब्लॉक परिसर में स्थानांतरित किया जा रहा है। इससे लोगों को शहर भागने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सीओ उनकी समस्याएं यहीं सुन सकेंगे।
-
कछला पुल के पार एक जगह देखी गई है। यह जगह ठीक है। पुल के पार कई गांव हैं। इससे यहीं पर थाना बनाया जाएगा। सीओ कार्यालय और उनका आवास भी उझानी में ही बनाया जा रहा है। उझानी कस्बा काफी बड़ा है। इससे सीओ का कार्यालय ट्रांसफर किया जा रहा है।
- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी