बदायूं में करेंगी के पास पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुई रेलवे की ओएचई लाइन। संवाद
- फोटो : BADAUN
दबतोरी (बदायूं)। बरेली-चंदौसी रूट पर ओएचई लाइन पर पेड़ गिरने से रेल यातायात प्रभावित रहा। इस कारण टनकपुर से दिल्ली जा रही पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस को करीब तीन घंटे तक रास्ते में खड़ा रहना पड़ा। बरेली-दिल्ली पैसेंजर और कई मालगाड़ियों को रोक दिया गया।
सोमवार को बरेली-चंदौसी रेल रूट पर आंवला और करेंगी रेलवे स्टेशन के बीच एक पेड़ टूटकर रेलवे की ओवर हेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन पर गिर गया। इससे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। टनकपुर से दिल्ली जा रही पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब 30 मिनट की देरी से शाम करीब साढ़े चार बजे कंधरपुर के पास पहुंची थी। ओएचई के क्षतिग्रस्त होने के कारण ट्रेन को यहीं रोक दिया गया। यहां ट्रेन तीन घंटे तक खड़ी रही। देर शाम मुरादाबाद से आए टॉवर वैगन ने ओएचई की मरम्मत के बाद लाइन को चालू किया। इस कारण बरेली-दिल्ली पैसेंजर भी प्रभावित हुई तो कई मालगाड़ियों को भी रास्ते में रोकना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक दबतोरी रविंद्र कुमार मीना ने बताया कि पेड़ गिरने के कारण ओएचई क्षतिग्रस्त हुई थी। इस कारण कई ट्रेनें और मालगाड़ी प्रभावित हुईं हैं।