बदायूं। जिले के परिषदीय विद्यालयों व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में बनने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांच अब रैंडम की जाएगी। शासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की संयुक्त जांच समिति गठित की जा रही है। इसका आदेश खाद्य सुरक्षा तथा औषधि प्रशासन के आयुक्त की ओर से जारी किया गया है।
खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली दवाओं से जन जीवन व छात्रों की स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। इस पर रोकथाम के लिए समिति गठित की गई है। समिति की बैठक में पीएम पोषण योजना के तहत बन रहे भोजन की संयुक्त सैंपलिंग और जांच की आवश्यकता महसूस की गई। समिति ने फैसला लिया कि जिलों में इस भोजन का रैंडम निरीक्षण किया जाए। इसके लिए बनाई गई संयुक्त जांच समिति में खाद्य सुरक्षा विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी रहेंगे। अब जनपदीय व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की सदस्यता वाली समिति के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।
बीएसए वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शासन की ओर से निर्देश आया है कि मध्याह्न भोजन की रैंडम जांच की जाए। बताया कि अब विद्यालयों में जांच करने के लिए संयुक्त समिति गठित की जाएगी। समय-समय पर प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी यहां भोजन की गुणवत्ता की जांच करेंगे।