वजीरगंज थाना क्षेत्र में 15 साल के लड़के ने 13 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। लड़की के घरवालों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 13 साल की लड़की शनिवार शाम खेत में लकड़ियां लेने गई थी। इसी दौरान उसके पीछे-पीछे 15 साल का लड़का भी पहुंच गया। वह लड़की को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले गया।
विज्ञापन
आरोप है कि किशोर ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने खेत में पहुंच गए। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। सूचना पर लड़की के परिवार वाले पहुंच गए। उन्होंने मौके पर हंगामा कर दिया, जिससे वहां तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बाद में परिवार वाले किशोरी को थाने ले गए। उन्होंने आरोपी किशोर के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी भी नाबालिग है। उसके परिजनों को थाने में बुलाया गया है।