सिलहरी। शादी में कार की असहमति से लड़का व लड़की पक्ष के लोगों में बुधवार को मचलई गांव में पंचायत बैठी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। लड़का पक्ष के लोगों ने लड़की पक्ष के भाई व अन्य लोगों के साथ मारपीट की। लड़की के भाई ने मूसाझाग पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रहीं है।
उसहैत थानाक्षेत्र के गांव बांद्रा निवासी जैनुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने बहन की शादी मूसाझाग क्षेत्र के गांव थलिया नगला में तय की थी। शादी की तारीख तय होनी थी। इसी बीच लड़का पक्ष ने कार की मांग कर दी। उन्होंने कार देने में असमर्थता जताई। इससे चलते लड़का पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने बुधवार को मूसाझाग क्षेत्र के गांव मचलई में दोनों ही परिवार के लोगों को बुलाकर पंचायत कराई। जहां लड़का पक्ष के लोग भी मौजूद थे। सभी ने लड़का पक्ष को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह कार की जिद पर अड़ रहे।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षो में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि लड़का पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।