कदीर मार्केट मे बदले गये बिजली मीटर। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर में इंदिरा चौक बरेली रोड पर कदीर मार्केट के पास अंडरग्राउंड लाइन में फाल्ट होने के कारण आसपास के इलाकों में मंगलवार को दिन भर बिजली सप्लाई ठप रही। यहां आसपास के इलाके में अंडरग्राउंड केबल के साथ ओवरहेड लाइन से भी डबल सर्किट सप्लाई हो रही थी।
इंदिरा चौक के पास बरेली रोड पर कदीर मार्केट है। यहां ज्यादातर बिजली कनेक्शन कॉमर्शियल हैं। मंगलवार सुबह केबल बॉक्स को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। कदीर मार्केट समेत आसपास के इलाके में अंडरग्राउंड लाइन होने के बाद भी ओवरहेड लाइन से भी बिजली सप्लाई हो रही थी। ओवरहेड लाइन में अक्सर फाल्ट होने से यहां बिजली सप्लाई ठप हो जाती है। मंगलवार को भी ओवरहेड के साथ अंडरग्राउंड लाइन में भी खराबी आ गई। इस दौरान कुछ बिजली मीटर भी खराब हो गए। आसपास के इलाके समेत बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक में भी ई-कॉर्नर में सेवाएं प्रभावित हुईं।
स्थानीय लोगों ने सूचना पावर कॉरपोरेशन को दी। मंगलवार सुबह से ही यहां लाइन दुरुस्त करने के साथ मीटर बदलने का काम शुरू कर दिया गया। दोपहर बाद तक पावर कॉरपोरेशन ने मार्केट में अलग-अलग दुकानों के लिए सप्लाई देने को 50 से ज्यादा नए मीटर लगाने के साथ इनके कनेक्शन अंडरग्राउंड लाइन से कर दिए। एसडीओ नीरज गोवाड़ी का कहना है कि लाइन में खराबी के कारण कुछ समस्या आई थी। अंडरग्राउंड लाइन से सप्लाई चालू करने के लिए मीटर बदलने का काम भी किया जा रहा है।
-
शहर के कुछ इलाकों में अंडरग्राउंड के साथ ओरवरहेड लाइनों से भी बिजली सप्लाई हो रही है। अंडरग्राउंड लाइन वाले इलाकों में नए मीटर लगाए जा रहे हैं। मंगलवार को इंदिरा चौक इलाके में ओवरहेड लाइन में खराबी आई थी। यहां अब तक कितने नए मीटर लग चुके हैं इस बारे में बुधवार को सीलिंग होने के बाद ही बताया जा सकेगा।
-पीके सिंह, एक्सईएन, मीटर