बदायूं। किसानों के हित में जिले भर में लगाए गए सहयोगी कृषकों को 10 माह का मानदेय नहीं मिला है। इससे वे बेहद परेशान हैं। वह कई बार कृषि कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मानदेय दिलाने की मांग की है।
सहयोगी कृषक मनोज कुमार ने बताया कि जिले में अप्रैल 2020 से लेकर मार्च 2021 तक दो गांव पर एक सहयोगी कृषक को नियुक्त किया गया था। इस तरह 730 सहयोगी कृषकों को लगाया गया था। उस समय बताया गया था कि उन्हें हर माह एक-एक हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें दो माह का मानदेय भी दिया गया लेकिन उसके बाद से मानदेय नहीं दिया गया है। सभी सहयोगी कृषक कई बार कृषि कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं लेकिन विभाग इस पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है। इसमें उन्हें कुछ घपले की आशंका लग रही है। इस पर सभी सहयोगी कृषकों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मानदेय दिलाने की मांग की है। इस पत्र पर महेंद्र सिंह, गंगा सिंह, रामवीर, देवस्वरूप शर्मा समेत कई सहयोगी कृषकों के हस्ताक्षर हैं।
---------------------
जिले में 730 सहयोगी कृषक हैं। उनका दो माह का मानदेय आया था। उसके बाद से बजट नहीं आया है। बजट आने पर उनका मानदेय दिया जाएगा।
- रामवीर सिंह कटारा, कृषि उप निदेशक