सीएचसी के समीप सरकारी भूमि का निरीक्षण करतीं एसडीएम साथ में खडे चेयरमैन अबरार अहमद। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिसौली। आखिरकार प्रशासन को नगर के मुख्य मार्ग पर रोज ही लगने वाले जाम की समस्या की सुध आ ही गई। प्रशासन ने हाईवे किनारे लगने वाले खोखों, ठेलों व फड़ों को एक निश्चित जगह लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए एसडीएम व चेयरमैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित पुराने शराब गोदाम की खाली पड़ी जगह को चिह्नित भी किया है।
एमएफ हाईवे पर काफी अरसे से सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण है। नागरिकों को हर रोज जाम की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। अमर उजाला ने कई बार इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। बृहस्पतिवार को एसडीएम ज्योति शर्मा व पालिकाध्यक्ष अबरार अहमद ने जूनियर हाईस्कूल से दबतोरी रोड तक सड़क किनारे लगने वाले खोखों, खोमचों व ठेलों को देखा। चेयरमैन ने इसके लिए एसडीएम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित पुराने शराब गोदाम की सरकारी भूमि के बारे में सुझाव दिया। बृहस्पकिवार को ही एसडीएम व चेयरमैन ने भूमि का स्थलीय निरीक्षण भी किया। एसडीएम ने सुझाई गई भूमि का समतलीकरण कराकर रोड किनारे लगने वाली दुकानों को यहां शीघ्र स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए हैं। संवाद