जिला अस्पताल के एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड विभाग में लगी भीड़। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों से बार-बार शिकायत के बाद भी जिला अस्पताल को चौबीस घंटे बिजली नहीं मिल पा रही। बृहस्पतिवार को भी करीब तीन घंटे की कटौती के कारण चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर दिखा। एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन विभाग में रोगियों की लाइन लगी रहीं।
जिला अस्पताल में चौबीस घंटे बिजली के लिए अलग से बिजली उपकेंद्र और 33 केवीए की आरक्षित लाइन है। जिला अस्पताल प्रशासन हर माह लाखों रुपये में बिल का भुगतान भी करता है, इसके बाद भी अस्पताल को चौबीस घंटे बिजली नहीं मिल पा रही। अक्सर घंटों बिजली गुल होने के कारण समस्या होती है। बृहस्पतिवार को सुबह करीब दस बजे बिजली गुल हो गई, इसके बाद दोपहर एक बजे सप्लाई चालू हो सकी। इस दौरान एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन विभाग में काम लटक गया। यहां आए रोगियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
प्रभारी सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह का कहना है कि अक्सर बिजली गुल होने के कारण समस्या होती है। कई बार पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को लिखा जा चुका है, इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। बृहस्पतिवार को भी बिजली कटौती का सीधा असर चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं पर हुआ।