लार्वा नष्ट करते मलेरिया विभाग के अधिकारी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर से लेकर गांवों तक मच्छरों का लार्वा पनप रहा है। मलेरिया के लिहाज से हाईरिस्क श्रेणी में शामिल बदायूं में मलेरिया विभाग की कोशिशों को आम लोगों के साथ जिम्मेदार भी पलीता लगाने में लगे हैं। मलेरिया विभाग की टीमों ने हाईरिस्क ब्लॉक जगत के गांव पड़ौलिया और दातागंज के गांव रायपुर में 19 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। यह वे लोग हैं जिनकी लापरवाही से मच्छरों का लार्वा पनप रहा था।
मलेरिया का मौसम जून के पहले सप्ताह में शुरू हो जाता है। इससे पहले 15 मई से मलेरिया विभाग मच्छरों का लार्वा नष्ट करने के लिए डीडीटी के घोल का छिड़काव कराता है। इस बार अब तक शासन से डीडीटी की सप्लाई ही नहीं मिली है। हालांकि, पांच सौ लीटर से ज्यादा टेमोफॉस की सप्लाई मिली थी। दस लीटर पानी में 2.50 एमएल टेमोफॉस डाल कर लार्वा नष्ट करने के लिए इसका छिड़काव किया जाता है। टेमोफॉस ब्लॉकों को उपलब्ध करा दी गई, ग्राम पंचायतें इसके छिड़काव पर ध्यान नहीं दे रहीं। ऐसे में मच्छरों का लार्वा पनप रहा है।
जगत ब्लॉक के गांव पड़ौलिया और दातागंज के गांव रायपुर में मलेरिया विभाग की टीम ने लार्वा तलाश करने के लिए अभियान चलाया तो यहां 19 घरों में लार्वा मिला। इन घरों में 12 ऐसे स्थान थे जहां मच्छरों की ‘नर्सरी’ तैयार हो रही थी। मलेरिया विभाग की ओर से लार्वा नष्ट करने के साथ सभी को नोटिस जारी किए गए हैं।
-
दातागंज के गांव रायपुर और जगत के पड़ौलिया में तमाम स्थानों पर मच्छरों का लार्वा नष्ट किया गया है। 19 लोगों को नोटिस भी दिए गए हैं। यह वे लोग हैं जिनकी लापरवाही के कारण मच्छरों का लार्वा पनप रहा था। मलेरिया पर काबू के लिए सभी की जिम्मेदारी है कि घरों के आस-पास पानी जमा न होने दें। घरों के भीतर भी ऐसे स्थानों का ध्यान रखें जहां पानी जमा होता है।
-तनवीर सिंह, मलेरिया निरीक्षक