फोटो- 18 से 24 तक
सालारपुुर के नंदगांव में फैला संक्रामक बुखार, 40 से ज्यादा लोग बीमार
करीब 1500 आबादी के गांव के हर तीसरे घर में है बुखार पीड़ित, कई को मलेरिया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंवरगांव। सालारपुर ब्लॉक के नंदगांव को संक्रामक बुखार ने अपनी चपेट में ले लिया है। गांव में 40 से ज्यादा लोग बुखार की गिरफ्त में हैं। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने यहां सुध नहीं ली है। हर तीसरे घर में बुखार का मरीज है। कई को मलेरिया भी है। ज्यादातर लोग निजी डॉक्टरों और झोलाछाप से इलाज करा रहे हैं।
मलेरिया के लिहाज से सालारपुर ब्लॉक भी हाईरिस्क श्रेणी में शामिल है। इस वर्ष भी जानलेवा फैल्सीपेरम मलेरिया के सबसे ज्यादा रोगी इसी ब्लॉक के शेरगंज गांव में मिले हैं। मलेरिया रोगियों की संख्या भी इस ब्लॉक में सैकड़ों तक पहुंच गई है। अब नंदगांव को बुखार ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। गांव के देशराज की सात वर्षीय बेटी कांति, 72 वर्षीय मेहरबान, 36 वर्षीय मीरा पत्नी उमराय, 65 वर्षीय लक्ष्मण, 17 वर्षीय नीरज पुत्री लक्ष्मण, 40 वर्षीय जयपाल, 50 वर्षीय दयाराम आदि समेत 40 से ज्यादा लोग बुखार की गिरफ्त में हैं। निजी डॉक्टरों ने इनमें कुछ को मलेरिया होना भी बताया है। गौर करने वाली बात यह है कि बुखार पीड़ितों में हर आयु वर्ग के लोग शामिल हैं। हालांकि, कुंवरगांव में स्वास्थ्य केंद्र है। इसके बाद भी गांव की अब तक सुध नहीं ली गई है। ग्राम पंचायत कुंवरगांव देहात के तहत आने वाले मजरा नंदगांव में पिछले वर्ष भी बुखार का काफी प्रकोप रहा था।
----------
वर्जन-
जहां से भी बुखार के प्रकोप की सूचना मिल रही है वहां टीमों को भेजा जा रहा है। लोगों की जांच कराने के साथ दवाओं का वितरण किया जा रहा है। घबराने वाली कोई बात नहीं है। मलेरिया पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष नियंत्रण में है। नंदगांव भी टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।- डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर, सीएमओ