बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव पलिया मेहंदी में एक सिरफिरे की हरकत से ग्रामीण पूरी रात परेशान रहे। मंगलवार रात एक मानसिक मंदित ने कई लोगों के पुआल और उपलों के ढेरों में आग लगा दी। गांव के चारों ओर आग ही आग हो गई तो ग्रामीणों ने मुश्किल से जान बचाई। सिरफिरे की शरारत पता लगी तो लोग आगबबूला हो गए। सुबह उसे अलापुर जाकर पकड़ा और थाने लाए। फिलहाल उसे चेतावनी देकर पुलिस ने छोड़ दिया।
मामला मंगलवार देर रात का है। पलिया मेहंदी गांव के तमाम लोग सो चुके थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने शोर मचाया कि हरवीर, मुनेंद्र के पुआल में आग लग गई है। शोरशराबा सुनकर गांव के तमाम उस ओर दौड़ पड़े। गांव के लोग आग बुझाने में लग गए। तब तक गांव के दूसरे किनारों पर लगे पुआल और उपलों के ढेरों में आग लग गई। इसके बाद खबर आई कि गांव के पश्चिम दिशा में अन्य लोगों के पुआल में आग लग गई। कई लोगों के बटिया (उपलों के ढेर) में आग लग गई। उनसे ऊंची-ऊंची लपटें उठ रहीं हैं। गांव वाले समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर आग कैसे लग रही है। रात 11 बजे तक गांव के रामऔतार, हरपाल, चक्रपाल, पानसिंह, निवेश, राजकुमार, महराज सिंह आदि समेत करीब 20-25 लोगों के पुआल और बटिया में आग लग गई। हादसे को देखकर कुछ लोगों ने तुरंत फायरब्रिगेड को सूचना दी। इसी दौरान लोगों ने गांव के ही एक मानसिक मंदित व्यक्ति को पुआल में आग लगाते हुए देख लिया। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह आग लगाने के बाद मौके से भाग गया। देर रात तक गांव में गहमागहमी का माहौल रहा। फायर ब्रिगेड ने गांव पहुंचकर जैसे-तैसे आग बुझाई लेकिन किसी का पुआल और बटिया नहीं बच सका। बुधवार दोपहर कुछ और ग्रामीण सिविल लाइंस थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिसने आग लगाई है। उसने खुद के पुआल और बटिया में आग नहीं लगाई। उन्होंने उस पर कार्रवाई की मांग की।