फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आओ नए साल में खुद को बनाएं कुछ बेहतर

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। नए साल के पहले दिन से कई लोग कुछ नया करने का संकल्प लेते हैं। अपने अंदर की बुराइयों को दूर कर खुद को बेहतर बनाने के लिए वे प्रण करते हैं। इसमें काफी लोग कामयाब होकर दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं। शनिवार से नया वर्ष शुरू होने वाला है। काफी लोग ऐसे हैं जो नए वर्ष में कुछ नया करने का संकल्प लेने की ठान चुके हैं। मसलन बढ़ते वजन को कम करना, मधुमेह और ब्लड प्रेशर पर नियंत्रण और सुबह सोकर जल्दी उठना। इनमें युवाओं के लिए सबसे ज्यादा परेशान करने वाला होता है सुबह सूर्योदय से पहले उठना। कुछ लोग लिखना तो कुछ कविताएं बढ़ना चाहते हैं। कई को पारिवारिक रिश्तों में मधुरता बनाए रखने का प्रयास करना है। नए वर्ष के पहले दिन प्रण लेने और उसे पूरा करने के बारे में हमने विशेषज्ञों से बात की, आप भी अपने काम की बात सीख लीजिए।
विज्ञापन

-
लेखन करें या कविताएं लिखें, उससे पहले पढ़ना जरूरी
कई युवा कुछ बेहतर लिखना, कविता या कहानी लेखन करना चाहते हैं पर झिझक की वजह से अपने हुनर को सार्वजनिक करने में हिचकिचाते हैं। ऐसे लोगों की प्रतिभा को कैसे बाहर निकाला जाए ? इस विषय पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुधाकर आशावादी का कहना है कि अनुभूति सबके पास होती है पर अभिव्यक्ति (अपनी बात को लिखने या सुनाने का तरीका) न होने से दिक्कत आती है। इसलिए जिस विषय या क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, सबसे पहले उसके बारे में पढ़ाई व बेहतर जानकारी जुटाएं। आलोचना से न डरें। कई चीजें अनुभव से भी आती हैं। लिखना या रचना करना बड़ी बात है। प्रयोगधर्मी बनें। निंदा या प्रशंसा से प्रभावित न हों।
-
रिश्ते में चाहते हैं मधुरता तो समर्पण-त्याग से बनेगी बात
जिला अस्पताल के मन कक्ष की प्रभारी मनोचिकित्सक डॉ. सर्वेश कुमारी के मुताबिक पति पत्नी का रिश्ता हो या परिवार व रिश्तेदारों से तालमेल की बात, कुछ छोटे-छोटे प्रयास करने से बिगड़ी बात भी बन जाती है। वह कहतीं हैं कि पत्नी के तौर पर रिश्तों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पति पर बेवजह शक करने से कई घरों में कलह होती है। कई बार घर का पड़ोस की तनाव देने वाली बात पति के आते ही बताना ठीक नहीं है। अच्छा माहौल होने पर आराम से वह बात बताएं ताकि बिना किसी झगड़े के समस्या का निपटारा किया जा सके। संयुक्त परिवार में कई और कायदों का पालन जरूरी है। इस सबके बीच त्याग और समर्पण सबसे अहम कुंजी है जिससे परिवार में समरसता का भाव बना रहता है।
विज्ञापन

-
अलार्म से ज्यादा महत्वपूर्ण होता है संकल्प
योगाचार्य गिरधारी सिंह राठौर का कहना है कि युवा वर्ग की यह एक बड़ी समस्या है कि सुबह सूर्योदय से पहले वह बिस्तर नहीं छोड़ पाते। देर से होकर उठते हैं। इसमें अलार्म भी काम नहीं आता। अलार्म से ज्यादा संकल्प महत्वपूर्ण होता है। योग ऊर्जा का स्रोत होता है। अगर हम योग करते हैं तो कई बीमारियां पास तक नहीं आतीं। अनुलोम-विलोम से तनाव दूर होता है। वेद-पुराणों में कहा गया है कि अध्ययन के लिए सूर्योदय से पहले का समय सबसे बेहतर होता है। सुबह जल्द उठने के लिए सबसे पहले जरूरी है कि दृढ़ संकल्प लें और प्रतिदिन योग के साथ अनुलोम-विलोम भी करें।
-
नियमित दिनचर्या से होगी शुगर-मोटापे की छुट्टी
डायटीशियन मेघा सारस्वत का कहना है कि सेहतमंद रहने के लिए पौष्टिक आहार और नियमित दिनचर्या बेहद जरूरी है। इसके साथ योग भी करना चाहिए। ऐसा करने से हम सेहतमंद रहेंगे। मोटापा और डायबिटीज जैसी बीमारियां भी नहीं होंगी। भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियों को जरूर शामिल करें। प्रोटीन के लिए दाल खाएं। संतुलित आहार में प्रोटीन, फैट, फाइबर, विटामिन, मिनरल और पानी की आवश्यकता होती है। स्वच्छ और पोषण तत्वों से भरपूर भोजन ही करें। अनियमित दिनचर्या और अनाप-शनाप डाइट से ही मधुमेह, मोटापा जैसे रोग लोगों को घेर रहे हैं।
-
ब्लड प्रेशर पर नियंत्रण को जीवन शैली में बदलाव जरूरी
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शरद कुमार गुप्ता का कहना है कि ब्लड प्रेशर आज एक बड़ी समस्या बन चुका है। अगर समय से ब्लड प्रेशर को नियंत्रित न किया जाए तो यह हार्ट अटैक का कारण बन सकता है। चिंता की बात यह है कि यह समस्या युवाओं को भी तेजी से घेर रही है। इसका एक प्रमुख कारण मोटापा और अल्कोहल का सेवन भी है। सामान्य परिस्थिति में ब्लड प्रेशर 120/80 होना चाहिए। दिल हर धड़कन के साथ शरीर में रक्त का प्रवाह करने वाली नसों पर एक दबाव बनाता है। ब्लड प्रेशर के रोगियों को भोजन में पालक, गोभी, केला, हरी सब्जियां लेनी चाहिए। नियमित दिनचर्या और योग भी जरूरी है।
-
कुछ इनसे सीखो
दृष्टि ने छह माह में कम किया 28 किलो वजन
शहर के विद्या कृष्ण नगर की दृष्टि गुप्ता सीएस की पढ़ाई कर रही हैं। दृष्टि गुप्ता का वजन अब करीब 70 किलो है। दृष्टि का वजन 98 किलो तक था। उनकी सहपाठी छात्राएं मोटापे को लेकर कई बार उनको चिढ़ाती भी थीं। इसके बाद दृष्टि ने वजन कम करने का प्रण लिया। योग करने के साथ डाइट चार्ज भी तैयार किया। प्रण के साथ दृष्टि ने छह माह में करीब 28 किलो तक वजन कम कर लिया। दृष्टि का कहना है कि अगर दृढ़ संकल्प के साथ कोई काम किया जाए तो निश्चित ही उसमें सफलता मिलती है।
-
पूर्व चेयरमैन ने छोड़ दी सिगरेट
नगर पंचायत कुवरगांव के पूर्व चेयरमैन अमर सिंह का कहना है कि एक जनवरी को उनको धुम्रपान छोड़े पूरा एक साल हो जाएगा। एक जनवरी 2021 को सिगरेट न पीने का प्रण लिया था। इसके बाद कभी सिगरेट नहीं पी। कई बार सिगरेट पीने की इच्छा हुई, लेकिन वह अपने प्रण को नहीं भूले। एक साल पहले तक वह चेन स्मोकर थे। एक दिन में कई-कई सिगरेट पी जाते थे। परिवार और करीबी कई बार उनको टोकते थे। अब वह खुश हैं। नए साल में सभी को कुछ नया और अच्छा करने का प्रण लेना चाहिए।
-
शिक्षक ने लिया संकल्प, गुटखा खाना छोड़ा
शिक्षक प्रेमचंद्र का कहना है कि युवाओं के साथ वयस्कों में भी गुटखा खाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। गुटखे की लत लग जाती है तो उसे छोड़ना मुश्किल होता है। मुझे भी गुटखा खाने की लत से लग गई थी। शुरू शुरू में तो यह शौक में खाया था, लेकिन बाद में इसकी आदत पड़ गई। गई बार साथी इसको लेकर टोकते भी थे। पिछले साल संकल्प लेने के बाद गुटखा खाना छोड़ दिया। युवाओं को चाहिए कि नए वर्ष में वह कुछ अच्छा करने और बुरी चीजों को छोड़ने का संकल्प लें।
लगाएं मास्क...सामाजिक दूरी का पालन करें
नए वर्ष में जिले का चहुंमुखी विकास हो, ऐसी कामना करती हूं। जिला वासी स्वस्थ व प्रसन्नचित्त रहें। गंगा एक्सप्रेस वे का काम नए साल में शुरू होने की उम्मीद है जिससे बदायूं के विकास को भी पंख लगेंगे। जिले में परिवहन व्यवस्था को एक्सप्रेस वे से गति मिलेगी तो व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। जनता से अपेक्षा है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मास्क को अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। दो गज की दूरी के नियम का भी पालन करें।
- दीपा रंजन, डीएम
-
नए साल पर सभी जिलावासियों के परिवार में खुशियां आएं। ये खुशियां तभी आएंगी जब सब लोग कोरोना संक्रमण से बचाव का ध्यान रखेंगे। ओमिक्रॉन भी तेजी से फैल रहा है। इससे दो गज की दूरी, सैनिटाइजर का उपयोग और मास्क अवश्य लगाएं। साइबर ठगों से भी सावधान रहें। किसी भी परिस्थिति में अपना पासवर्ड, खाता संख्या और अन्य जानकारियां किसी को न दें। इससे लोग ठगी के शिकार हो सकते हैं। कानून का पालन व पुलिस का सहयोग करें।
विज्ञापन

- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें