बदायूं। वजीरगंज कस्बे में मंगलवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने गल्ला व्यापारी शिवम वार्ष्णेय (22) की गोली मारकर हत्या कर दी। शिवम अपने भाई विष्णु के साथ बघौल रोड पर फड़ लगाकर गल्ला खरीद रहे थे। इस दौरान बदमाशों ने उनका रुपयों से भरा थैला लूटने की कोशिश की, जिसका विरोध करने पर उन्हें गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके की नाकाबंदी गई लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। इधर, पुलिस के केवल हत्या में रिपोर्ट दर्ज करने से गुस्साए परिवार वालों ने शाम को मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने लूट की धारा बढ़ाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
वजीरगंज कस्बे में होली चौक निवासी शिवम वार्ष्णेय पुत्र मुनीष वार्ष्णेय विद्युत उपकेंद्र के नजदीक बघौल रोड पर फड़ लगाकर धान, बाजरा और गेहूं की खरीद करते थे। मंगलवार सुबह उन्होंने बड़े भाई विष्णु उर्फ मोनू वार्ष्णेय के साथ फड़ लगाया। सुबह दस बजे उनके पास बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। उन्होंने शिवम वार्ष्णेय से कहा कि उन्हें धान बेचना है। इस पर शिवम ने धान लाने को कहा। बदमाश बोले-बघौल रोड से ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही है, उसी में धान लदा है। करीब दस मिनट तक बदमाश वहां रुके। फिर यह कहकर चले गए कि देखकर आते हैं, ट्रैक्टर-ट्रॉली कहां रह गई। वह कुछ देर बाद लौटे और शिवम से थैला छीनने लगे, थैले में ही रुपये रखे थे। बदमाशों ने तमंचा भी निकाल लिया। इस दौरान बाइक से ही तीन बदमाश और पहुंच गए। उन्होंने पहले विष्णु पर फायर किया लेकिन वह बच गए। इस पर विष्णु बदमाशों से भिड़ गया और उनका तमंचा छीन लिया। इस बीच बदमाशों ने उनसे फिर तमंचा छीन लिया और गोली चला दी, जो शिवम वार्ष्णेय की पीठ में लगी। इसके बाद बदमाश थैला लेकर बघौल रोड की ओर भाग गए । परिवार वालों के मुताबिक थैले में 20 हजार रुपये थे।
यह देखकर मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। तुरंत ई-रिक्शा से शिवम को कस्बे के स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, इसी दौरान शिवम की मौत हो गई। सूचना पर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा और सीओ बिसौली विनय कुमार सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने केवल हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर ली। जब परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पोस्टमार्टम कराने के बाद शाम को कस्बे में आंवला रोड पर शव वाहन खड़ा करके जाम लगा दिया। इस पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। करीब आधा घंटा तक जाम लगा रहा। पुलिस ने परिवार वालों के मुताबिक लूट की धारा बढ़ाने का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम समाप्त हुआ। दिनदहाड़े हुई वारदात की सूचना पर एसएसपी, एसपी देहात और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
वजीरगंज में बघौल रोड पर एक गल्ला व्यापारी की गोली मारकर हत्या हुई है। इसमें अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पहले बदमाशों की संख्या तीन बताई जा रही थी। बाद में बताया गया कि पांच बदमाश थे। सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है लेकिन लूट स्पष्ट नहीं हो रही है। अब परिवार वाले कह रहे हैं तो इस बिंदु पर भी जांच कराई जाएगी। इसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कार्रवाई होगी।
- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी
बघौल रोड पर सड़क पर पड़ी व्यापारी की चप्पल। संवाद- फोटो : BADAUN