तीन जख्मी, छह लोगों पर मारपीट व बलवा की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव करीमनगर में एक शराबी ने गालीगलौज कर बड़ा विवाद करा दिया। उसकी ओर से आए लोगों ने मारपीट कर दी और पथराव भी किया, जिसमें तीन लोगों को ज्यादा चोट आईं। थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ बलवा समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
ग्राम करीमनगर निवासी शिवराज पुत्र बुधपाल के मुताबिक 16 सितंबर की शाम उनके घर के सामने जसवीर पुत्र वीरसहाय शराब पीकर गालीगलौज कर रहा था। जब वह नहीं माना तो उसकी भाभी शांति देवी पत्नी श्रीपाल ने उसको गालीगलौज करने से मना किया। इस पर जसवीर ने उसकी भाभी की पिटाई कर दी और शोर मचाकर अपने साथियों को बुला लिया।
इससे बिजेंद्र, धर्मेंद्र, सत्यभान, मेघ सिंह और नरेश लाठी-डंडे लेकर आ गए। उन्होंने शांतिदेवी को खूब पीटा। यह देखकर उन्हें बचाने के लिए श्रीपाल, राजेंद्र और नेत्रपाल आ गए लेकिन आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी। बाद में पथराव भी किया, एक पत्थर लगने से नेत्रपाल की आंख में चोट आई। शांतिदेवी, नेत्रपाल और श्रीपाल मौके पर ही बेहोश हो गए। यह देखकर पूजा, आरती, मिथलेश और जितेंद्र पहुंच गए। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। बाद में आरोपी मौके से भाग गए।
पुलिस ने शिवराज की तहरीर पर जसवीर, बिजेंद्र, धर्मेंद्र, सत्यभान, मेघ सिंह और नरेश के खिलाफ बलवा, मारपीट, गालीगलौज समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।