बिसौली। लो वोल्टेज की वजह से नलकूप न चल पाने से परेशान किसानों ने विद्युत वितरण खंड कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया तो वहीं गांव तर्क परौली में लगातार ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या को उठाते हुए बड़ा ट्रांसफार्मर रखने की मांग को लेकर एसडीओ को ज्ञापन सौंपा।
गांव भरतपुर, दौलतपुर व मोतीपुरा के दर्जन भर से अधिक किसानों ने सोमवार को एक्सईएन कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। किसानों की शिकायत है कि लो वोल्टेज के कारण उनके नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। वहीं इन गांव में एक सप्ताह से बिजली नहीं आ रही है। किसानों का आरोप है कि जेई फोन नहीं उठाते हैं। किसानों ने अधिशासी अभियंता को समस्या के शीघ्र निस्तारण की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में रामसिंह, देवेन्द्र, हरद्वारी लाल, उमेन्द्रपाल, लक्ष्मीनारायण, सत्यवीर, सूरजपाल, राहुल यादव, सुरेन्द्र दिवाकर, रामौतार, संजीव, पप्पू सिंह, नन्हें सिंह, राजेन्द्र आदि किसान प्रमुख रहे।
इधर, क्षेत्र के गांव तर्क परौली के ग्रामीणों ने गांव में लगा ट्रांसफार्मर फुंकने पर एसडीओ को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अक्सर ट्रांसफार्मर फुंकते रहने से गांव वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बड़ा ट्रांसफार्मर रखने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में चोखेलाल, भूरेसिंह,, वासुदेव, संतोष, भगवान सिंह, सूबेदार, दिनेश आदि शामिल रहे।