बदायूं। डीएम दीपा रंजन ने एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के साथ सोमवार को मंडी समिति में बनाए गए स्ट्रांग रूम का विधानसभावार जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्थाएं परखीं। सुरक्षा में लगे कर्मचारियों से ताकीद की कि किसी भी हालत में सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढील न हो।
मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम का दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने जायजा लिया। डीएम ने कहा-स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए स्ट्रांग रूम में लगे कैमरों के क्रियाशील होने का जायजा लिया। कंट्रोल रूम में बैठे प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों के पहचान पत्र चेक किया। निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम में बैठने वाले प्रत्याशियों व प्रतिनिधियों के पहचान पत्र चेक करके ही बैठने दिया जाए। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाए, एक समय में एक पार्टी का एक ही प्रतिनिधि बैठे और उनके आने-जाने का समय पंजिका में अंकित किया जाए। बिना पहचान पत्र के किसी व्यक्ति को रुकने नहीं दिया जाए।
----
नियम बदला : अब एक नहीं दो ईवीएम क्रॉस चेक करेंगे प्रेक्षक
बदायूं। चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया में बदलाव किया है। पहले प्रेक्षक को प्रति विधानसभा क्षेत्र एक ईवीएम क्रॉस चेक करने के निर्देश थे, इस बार दो ईवीएम चेक करने के निर्देश दिए गए हैं। यह स्पष्ट कर दिया गया है कि सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाए।
जिले में 14 फरवरी को मतदान हुआ था। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंडी समिति स्ट्रांग रूम में ईवीएम को रखा गया है। यहीं पर 10 मार्च को मतगणना की जाएगी। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार इस बार प्रति विधानसभा क्षेत्र प्रति राउंड रैंडम आधार पर चुनकर दो ईवीएम की मतगणना को प्रेक्षक अपने सामने चेक कराएंगे, जबकि पहले एक ही ईवीएम क्रॉस चेक करने का नियम था। इसके अलावा एक ईवीएम की वीवीपैट की पर्चियों की भी गिनती कर परिणाम से मिलान किया जाएगा। वहीं पोस्टल बैलेट के बारे में आयोग ने निर्देश दिए हैं कि एक टेबल पर अधिकतम पांच सौ पोस्टल बैलेट ही गिने जाएं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि ईवीएम से मतगणना के लिए जहां प्रति टेबल चार-चार लोगों की टीमें गठित की जाएंगी, वहीं पोस्टल बैलेट की गिनती को पांच-पांच कर्मियों की टीमें लगाई जाएंगी।
ईवीएम से मतगणना को एक सुपरवाइजर के साथ एक गणना सहायक, एक माइक्रो आब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को लगाया जाएगा। वहीं पोस्ट बैलट की गिनती को सुपरवाइजर के साथ दो गणना सहायक, एक-एक माइक्रो आब्जर्वर और चतुर्थ श्रेणी कर्मी को नियुक्त किया जाएगा। संवाद