बदायूं। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान 14 फरवरी को होना है। इसके लिए शनिवार की शाम को प्रचार थम गया। ऐसे में जिले से जुड़ी अन्य जिलों की सीमाएं सील कर दी गईं हैं। साथ ही शाम छह बजे के बाद जिले में स्थित शराब, बीयर व भांग की सभी दुकानें बंद करा दी गईं।
जिले में दूसरे चरण यानि 14 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में चुनाव आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदान से 48 घंटे पहले ही प्रचार थम गया है। अब कोई भी प्रत्याशी या उसका समर्थक प्रचार-प्रसार नहीं करेगा। साथ ही मतदान वाले दिन प्रत्याशी के लिए केवल एक वाहन की अनुमति रहेगी। वहीं मतदाता अपने बूथ तक जाने के लिए अपने वाहन को उपयोग कर सकते हैं, लेकिन उस पर किस भी प्रत्याशी के बैनर, पोस्टर, स्टीकर नहीं लगा होना चाहिए।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि इसके साथ ही जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। 21 बैरियर भी लगाए गए हैं। जहां पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। सभी शराब की दुकानों को बंद करा दिया गया है। वहीं मंडी समिति से रविवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसको लेकर अधिकारियों ने मंडी समितियों का निरीक्षण किया। संवाद