बदायूं। दो दिन से जिस तरह सपा कार्यकर्ता माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे उससे सचेत प्रशासन ने बृहस्पतिवार को सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए। मतगणना स्थल के आसपास पार्टियों के समर्थकों को एकत्र नहीं होने दिया गया। यहां तक कि भाजपा विधायक के वाहनों को भी मंडी समिति में प्रवेश नहीं दिया गया। उन्हें बैरियर के बाहर से ही बैरंग कर दिया गया।
बृहस्पतिवार सुबह छह बजे से ही पुलिस ने मतगणना स्थल और उसके आसपास मोर्चा संभाल लिया। हालांकि पुलिस बुधवार रात ही तैनात कर दी गई थी लेकिन आम जनता को नहीं रोका गया। बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे से उसावां और उसहैत रोड बंद कर दिए गए। सुबह नौ बजे डीएम दीपा रंजन और एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने स्वयं मंडी समिति और उसके आसपास इलाके में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंडी चौकी के नजदीक खड़े होकर वाहनों को चेक कराया। मंडी समिति से एक-दो किमी तक पार्टियों के समर्थकों को दूर रखा गया। उन्हें रोकने के लिए कई जगह बैरियर लगाए गए। हर बैरियर पर सख्त चेकिंग व्यवस्था रही। इससे मंडी समिति और उसके आसपास का इलाका बिल्कुल खाली रहा।
सभी रोड पर अर्ध सैनिक बल और पुलिस की सख्त नजर रही। इससे नजदीकी इलाके में शांति का माहौल बना रहा। वहीं मतगणना भी शांति के माहौल में हुई।
-
सपा कार्यकर्ताओं पर एक दिन पहले ही कसा शिकंजा
मतगणना से पूर्व के दो दिन पुलिस के लिए चुनौती भरे रहे। लगातार दोनों दिन शाम को सपा कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति पहुंचकर खूब हंगामा किया। गड़गड़ी का अंदेशा जताया। खुद ही वाहनों को चेक भी किया। इससे चलते पुलिस ने बुधवार शाम ही तमाम कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। इस वजह से भी मतगणना स्थल के आसपास शांति का माहौल दिखा।
-
शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष को भारी पड़ेगा चुनाव लड़ाना
सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह यादव ने फेसबुक और व्हाट्सएप पर विवादित पोस्ट डाली। यहां तक की माहौल खराब करने की कोशिश की। इससे पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मतगणना के नतीजों से माना जा रहा है कि रविंद्र यादव की मेहनत बेकार गई लेकिन अब उसके खिलाफ कार्रवाई तय हो गई है। उसे चुनाव लड़ाना भारी पड़ सकता है।
-
बंद रहे उसावां-उसहैत मार्ग
मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उसावां और उसहैत मार्ग पूर्ण रूप से बंद कर दिए गए। दोनों मार्ग से किसी प्रकार के वाहनों को नहीं गुजरने दिया गया। सुबह से लेकर रूट डायवर्जन के अनुसार वाहनों का आवागमन कराया गया।
-
मंडी चौकी के नजदीक डटे रहे पुलिस अधिकारी
मतगणना के दौरान पुलिस अधिकारी मंडी पुलिस चौकी के नजदीक डटे रहे। एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान, सीओ सिटी आलोक मिश्रा और सीओ बिसौली शक्ति सिंह ने यहां सुबह से ही डेरा डाल दिया।
-
गली मोहल्ले सील कराए
बृहस्पतिवार को मतगणना की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंडी समिति के आसपास के गली मोहल्ले तक को सील कर दिया गया। पुलिस ने गली के बाहर बल्लियां लगवाकर मोहल्लों के रास्ते बंद करा दिए। सुबह से ही गलियों के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई। इससे नजदीकी मोहल्लों के लोग अपने घरों से बाहर तक नहीं निकले। संवाद