बदायूं। उप्र पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर संविदा कर्मचारियों ने धरना दिया। साथ ही प्रदेश सरकार और कॉरपोरेशन प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बुधवार से संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। ऐसे में अगर कहीं लाइन में फाल्ट आता है तो सही होने में समय लग सकता है। ऐसे में जिले की बिजली व्यवस्था गड़बड़ा भी सकती है।
धरने को संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन ने संबोधित किया। कहा कि पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन संविदा कर्मचारियों के साथ दोहरा व्यवहार करते हुए जहां एक ओर सैनिक कल्याण निगम से तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों का अनुबंध 24 हजार रुपये का करता है वहीं दूसरी ओर समान कार्य व समान पद पर ठेकेदारों/ संविदाकारों के माध्यम से तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों का अनुबंध 11 हजार रुपये में किया जाता है। यह श्रम कानूनों का उल्लंघन है। नीतिगत मांगों का समाधान न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश संगठन मंत्री हरीश चंद्र यादव ने बताया कि कंपनी द्वारा संविदा कर्मचारियों का बकाया वेतन अब तक नहीं दिया गया है। कई-कई माह का ईपीएफ भी जमा नहीं किया है और न ही किसी दुर्घटना में घायल हुए संविदा कर्मचारियों के बीमे का रुपया आज तक दिया गया है। संविदा कर्मचारियों का एक करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला किया गया है और अब 30 सितंबर से कंपनी का ठेका भी खत्म हो रहा है। हम संविदा कर्मचारी अब कहां जाएं, कोई अधिकारी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
मध्यांचल उपाध्यक्ष मुकेश कुमार कठेरिया ने कहां की आउटसोर्स के माध्यम से कार्य कर रहे कर्मचारियों की न्यूनतम मजदूरी 18 हजार रुपये निर्धारित कर सरकार द्वारा हित लाभों को दिया जाए। धरना प्रदर्शन में बदायूं जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह, बदायूं के मीडिया प्रभारी राकेश कुमार, बरेली जिलाध्यक्ष रिंकू श्रीवास्तव, बरेली जिला उपाध्यक्ष तस्लीम खान, जिला मीडिया प्रभारी बरेली सीपी सिंह, जिला कोषाध्यक्ष प्रेमपाल प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष विपिन कुमार, कुंवर पाल शर्मा, पवन राठौड़, विवेक राठौर, मुसब्बर अली, ग्लैडविन, वीरपाल सिंह यादव आदि शामिल रहे।
--
बिजली विभाग के नियमित कर्मचारी अपना काम कर रहे हैं। केवल ठेके वाले संविदा कर्मचारियों ने कुछ मांगों को लेकर हड़ताल कर रखी है। उच्च स्तर से ही इनका निदान या कार्रवाई हो सकती है। स्थानीय स्तर पर फाल्ट जैसी कोई समस्या आएगी तो हमारे नियमित कर्मचारी उसे दूर कर देंगे।
- प्रवेश कुमार, एक्सईएन प्रथम