बदायूं। शहर के कई इलाकों में ट्रिपिंग और लोकल फाल्ट के कारण बिजली कटौती की समस्या खत्म नहीं हो रही। सबसे ज्यादा समस्या छह सड़का, जोगीपुरा, पंजाबी कॉलोनी, अनाज मंडी, गोपी चौक, लावेला चौक, नगर पालिका इलाकों में है। भीषण गर्मी में यहां के लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शिकायत के बावजूद समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है।
मंगलवार को इन इलाकों में भीषण गर्मी के बीच दिन भर ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। करीब तीन बजे एसबीआई मेन ब्रांच के पास ट्रांसफार्मर से सप्लाई ठप हो गई। इसके बाद यहां तीन से पांच बजे तक बिजली कटौती करनी पड़ी। दो दिन पहले अनाज मंडी के पास भी ट्रासंफार्मर की केबल जल गई थी। इससे पहले नगर पालिका के पास ट्रांसफार्मर में कमी आने के कारण इन इलाकों के लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बार-बार ट्रिपिंग और कटौती की शिकायत के बाद भी पावर कॉरपोरेशन इन इलाकों में ध्यान नहीं दे रहा।
एसडीओ पनबड़िया नीरज गोवाड़ी का कहना है कि एसबीआई मेन ब्रांच के पास ट्रांसफार्मर में कमी आने से कुछ समय से लिए समस्या है।
--
नाधा में एक सप्ताह से फुंका है ट्रांसफार्मर
नाधा। बिजली उपकेंद्र नाधा में होने के बावजूद कस्बे का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह से फुंका पड़ा है। यहां जर्जर बिजली लाइनें और गले हुए पोल भी बिजली की निर्बाध आपूर्ति में बाधक हैं।
नाधा कस्बे की बिजली आपूर्ति व्यवस्था रामभरोसे है। कस्बे में पांच हजार की आबादी के लोड को 600 केवीए का ट्रांसफार्मर होना चाहिए जबकि यहां केवल 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है जो आए दिन ओवरलोड से फट जाता है। ट्रांसफार्मर जिस स्टैंड पर रखा है वह भी जर्जर हो चुका है। उपभोक्ताओं को महज 50 वोल्टेज की सप्लाई मिलती है जिससे उपकरण काम ही नहीं करते। उपकेंद्र का स्टाफ लोगों की शिकायतें भी नहीं सुनता। सात दिन से ट्रांसफार्मर फुंका होने के बाद भी इसे सही करने का काम नहीं किया जा रहा है। संवाद
--
ऊर्जा मंत्री से मिलकर दातागंज विधायक ने उठाई बिजली समस्या
दातागंज। भीषण बिजली संकट और पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों की उदासीनता को लेकर दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने सोमवार को लखनऊ में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मिलकर शिकायत की। दातागंज में डहरपुर और समरेर फीडर के साथ जर्जर लाइनों के कारण बिजली कटौती और लो वोल्टेज के बारे में जानकारी दी।
दातागंज में लंबे समय से बिजली संकट बना हुआ है। हाल ही में गुस्साए ग्रामीणों ने दातागंज-बरेली रोड पर चार घंटे तक जाम भी लगाया था। विधायक से भी शिकायत की थी। इसके बाद विधायक ने लखनऊ में ऊर्जा मंत्री से मुलाकात की। उनसे जर्जर बिजली लाइनें बदलवाने और समरेर, डहरपुर फीडर से जुड़े गांवों में बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की कि साथ ही स्थानीय अधिकारियों से भी शिकायत की। इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने भी स्थानीय अधिकारियों से बात की। ऊर्जा मंत्री ने विधायक को तीन दिन में सुधार होने का भरोसा दिया है।
-
दातागंज में बिजली कटौती के विरोध में ज्ञापन
दातागंज। तहसील क्षेत्र के गांवों में बिजली सप्लाई की बुरी स्थिति है। कई बार आंदोलन हो चुके हैं लेकिन सुधार नहीं हो रहा।
सोमवार को हम हैं संस्था के संस्थापक डॉ. शैलेश पाठक ने मेल्हापुर, कूड़े ,कुटिया, रायपुर, धीरपुर समेत एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों के साथ तहसील पहुंचकर बिजली कटौती के विरोध में एसडीएम पारसनाथ मौर्य को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर मनोज गुप्ता सभासद, ओमवीर राठौर, ओमपाल राठौर, राजवीर राठौर, नन्हे कश्यप, रघुवीर कश्यप, सुरेंद्र पाल, रामपाल, सोनपाल आदि रहे। संवाद
--
दो महीने से बिजली कटौती से गुस्साए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
सहसवान। दो माह से हो रही बिजली कटौती से परेशान धुविया के ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया। साथ ही एसडीएम को ज्ञापन देकर बिजली कटौती से निजात दिलाने की मांग की।
क्षेत्र के गांव धुविया में दो माह से अधिक समय से ग्रामीण बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। सब्र जवाब दे गया तो मंगलवार को काफी संख्या में ग्रामीणों ने उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया। साथ ही एसडीएम को दिए पत्र में बताया कि उनके गांव में 16 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। यह गांव की बिजली आपूर्ति के लिए पर्याप्त नहीं है। ओवरलोडिंग से ट्रांसफार्मर जल्दी खराब हो जाता है। ग्रामीणों की मांग है कि 16 की जगह 25 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएं ताकि उनकी बिजली की समस्या जड़ से दूर हो जाए। संवाद