फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पनबड़िया उपकेंद्र पर बिजली गिरी, शहर की बिजली गुल

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। भीषण गर्मी में शनिवार आधी रात से रविवार शाम तक बिजली न आने से लोग परेशान हो उठे। पनबड़िया उपकेंद्र के आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर पर शनिवार रात बिजली गिरने के कारण सप्लाई ठप हो गई। रात में हुई तेज बारिश और हवा चलने से कई स्थानों पर लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। शनिवार रात एक बजे बिजली गुल हुई तो रविवार सुबह आई। इसके बाद भी मरम्मत के काम के कारण ट्रिपिंग होती रही। रविवार शाम तक सप्लाई पूरी तरह से सुचारु नहीं हो सकी।
विज्ञापन

शनिवार को दिन में धूप खिली थी, लेकिन शाम को बादल छा गए। रात में करीब एक बजे के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान पनबड़िया विद्युत सब स्टेशन के एक आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर पर भी बिजली गिर गई। इसके अलावा बारिश और तेज हवा चलने के कारण कई स्थानों पर विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। 33 केवीए की लाइन को भी नुकसान पहुंचा। रात में ही बारिश रुकने के बाद पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारी खराबी को दूर करने में जुट गए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। दरअसल लाइन को चालू किया गया, लेकिन ट्रिप हो गई और कुछ छोटे फाल्ट भी सामने आए। इसके चलते रात भर बिजली गुल रही। सुबह को सप्लाई चालू हो सकी, लेकिन ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। रविवार को पूरा दिन शहर के लोगों को ट्रिपिंग का सामना करना पड़ा। शाम के वक्त विद्युत सप्लाई पूरी तरह से सुचारु हो सकी।
एसडीओ पनबड़िया विजय गोवाड़ी ने बताया कि उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने और बारिश, हवाओं के कारण लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से कुछ इलाकों में समस्या बनी रही। कमियों को दूर कर सप्लाई चालू कर दी गई है।
विज्ञापन

अनाज मंडी में ट्रांसफार्मर की केबल जली
शहर के अनाज मंडी के पास रविवार शाम करीब चार बजे ट्रांसफार्मर की केबल जल गई। इस कारण इलाके में बिजली सप्लाई ठप हो गई। पंजाबी क्वाटर्स, नगर पालिका, अनाजमंडी,ढह सड़का, लोटनपुरा इलाकों के लोगों को कटौती का सामना करना पड़ा। बाद में पनबड़िया उपकेंद्र से शट्डाउन लेने के बाद केबल बदली गई। इसके बाद शाम करीब छह बजे सप्लाई चालू हो सकी। सप्लाई चालू होने के बाद भी इन इलाकों में ट्रिपिंग की समस्या बनी रही।
कई स्थानों पर अंडरग्राउंड लाइनों में भी फाल्ट ने परेशान किया
शनिवार रात बारिश के दौरान शहर में अंडर ग्राउंड केबल में भी कई स्थानों पर फाल्ट हुए। इस कारण लोगों को कटौती का सामना करना पड़ा। कुछ इलाकों में तो रविवार शाम तक समस्या बनी रही। इधर, कुछ इलाकों में अंडरग्राउंड लाइन को ओवर हेड लाइन से जोड़ कर सप्लाई चालू कर दी गई है। राज कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीनियर मैनेजर देवेंद्र सिंह का कहना है कि कुछ इलाकों में अंडरग्राउंड केबल की मरम्मत के लिए सड़कों को खोदा जाना है, लेकिन नगर पालिका से अब तक इसकी अनुमति न मिलने के कारण काम लटका हुआ है। अनुमति मिलने के बाद काम चालू किया जाएगा। कुछ इलाकों में ओवर हेड लाइनों से सप्लाई दी जा रही है।
पनबडिया उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने और 33 केवीए की लाइन के क्षतिग्रस्त होने से कुछ इलाकों में कटौती की गई। लाइनों को दुरस्त करने के बाद सप्लाई चालू कर दी गई है। कुछ स्थानों पर मरम्मत का किया गया जिससे दिन में ट्रिपिंग की समस्या सामने आई। - प्रवेश कुमार, एक्सईएन विद्युत वितरण खंड प्रथम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें