ज्ञापन देने कलक्ट्रेट पहुंचे अधिवक्ता। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शाहजहांपुर में अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या के विरोध में जिला बार एसोसिएशन एवं सिविल बार के अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष योगेश्वर प्रताप सिंह तोमर और महासचिव संदीप कुमार मिश्रा की अगुवाई में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन ऋतु पुनिया को सौंपा, साथ ही एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग की।
शाहजहांपुर कोर्ट में सोमवार को अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह की हत्या के बाद अधिवक्ताओं में रोष है। शाहजहांपुर की घटना के विरोध में बुधवार को जिला बार एसोसिएशन और सिविल बार के सभी अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, शाहजहांपुर के मृतक अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, एक आश्रित को सरकारी नौकरी, कलक्ट्रेट परिसर, कोर्ट परिसर में शस्त्र लेकर जाने पर पाबंदी और कैंपस में प्रवेश करने वालों की जांच की मांग की। ज्ञापन देने वालों में देवपाल सिंह, डीके गुप्ता, यतेंद्र पाल सिंह, मनोज कुमार सिंह सुधीर कश्यप, सुधींद्र शर्मा सोनी, मोहम्मद उमर सहसवानी, राम खिलाड़ी कश्यप, सुभाष शर्मा, प्रेम बाबू एडवोकेट आदि रहे।
बिसौली। बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार रामनयन सिंह को सौंपा। इस दौरान बार सचिव बलवीर सिंह यादव, राजेश सक्सेना, राजेश भारद्वाज आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।