उसावां (बदायूं)। छह दिन पहले मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। इस पर परिवार वालों और कस्बे के तमाम लोगों ने बुधवार को हंगामा कर दिया। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। पुलिस के विरोध में कस्बे का बाजार बंद हो गया। मामला बिगड़ता देखकर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कस्बे के वार्ड नंबर पांच निवासी मुनेंद्र गुप्ता के मुताबिक करीब तीन माह पहले उनके बेटे रामानंद गुप्ता की पत्नी लापता हो गई थीं। इस पर उन्होंने अपने पड़ोसी दाताराम गुप्ता, उसका बेटा कुलदीप गुप्ता और वार्ड नंबर नौ निवासी बबलू पर पत्नी का अपहरण कराने की आशंका जताई थी। उन्होंने तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की थी लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। आरोप है कि तीनों आरोपी तीन नवंबर की रात उनके घर में लाठी-डंडे लेकर घुस आए। उन्होंने रामानंद गुप्ता को पकड़कर खूब पीटा। इससे उनके गंभीर चोटें आईं। परिवार वालों ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने पहले उनका इलाज कराने को कहा था। इससे परिवार वाले रामानंद गुप्ता को बरेली ले गए। मंगलवार रात परिवार वाले उन्हें बरेली से दिल्ली ले जा रहे थे कि रास्ते में रामानंद गुप्ता की मौत हो गई। बुधवार दोपहर जब युवक का शव उसावां पहुंचा तो तमाम लोग एकत्र होकर आ गए। लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश फैल गया। सूचना पर एसओ प्रकाश सिंह और सीओ दातागंज प्रेम कुमार थापा मौके पर पहुंच गए। इस पर परिवारवालों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के खिलाफ लोगों ने कस्बे का बाजार बंद करा दिया। पुलिस ने बमुश्किल उन्हें समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद मुनेंद्र गुप्ता की तहरीर पर दाताराम गुप्ता, कुलदीप गुप्ता और बबलू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने दाताराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शाम को बाजार खुलवा दिया गया। इस दौरान एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
उसावां में एक युवक की मौत हुई है। परिवार वालों का आरोप है कि युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। उनकी तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसकी जांच में जो सच्चाई निकलकर सामने आएगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी