उमड़ी भीड़, किए बाबा बर्फानी और मां वैष्णो की गुफा के दर्शन
नवरात्र पर किया गया था मंदिर में कृत्रिम गुफा का निर्माण
अमर उजाला ब्यूूरो
बदायूं। शहर के लाला हरप्रसाद मंदिर में सोमवार को नवरात्र के अंतिम दिन मां वैष्णो देवी और बाबा बर्फानी अमरनाथ की गुफा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने गुफा के दर्शन कर बाबा अमरनाथ और माता वैष्णो के दरबार में सभी मनोकामना पूर्ण करने की अर्जी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में चल रहे भंडारे में प्रसाद भी ग्रहण किया।
जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल आदि भी गुफा के दर्शन करने पहुंचे। सेवादार ध्रुव देव गुप्ता ने बताया कि भक्तजनों ने देर रात तक दर्शन किए और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह से ही माता रानी के दरबार में अरदास लगाने वालों के लंबी लाइन लगी थी। श्रद्धालुओं ने भव्य गुफा में प्रवेश कर माता रानी के पिंडी रूप एवं बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इस अवसर पर सेवादारों में प्रदीप रस्तोगी, विशाल गुप्ता, केशव सपड़ा, आयुष गुप्ता, अनिल कुमार, टीटू सिंह, वैभव पाठक आदि मौजूद थे। मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे युवा मंच संगठन के नेतृत्व में माता रानी की मूर्ति का विसर्जन कछला गंगा में किया जाएगा।