होली से पहले कच्ची शराब बनाने के लिए रखे गए लहन की बड़ी खेप बरामद हुई है। बुधवार को जिले भर में कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन हजार लीटर लहन नष्ट किया गया। दो सौ लीटर शराब बरामद हुई। एक सभासद समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। लहन की सबसे बड़ी खेप कादरचौक थाने के गांव धनूपुरा में नष्ट की गई है।
पिछले महीने लखनऊ के मलिहाबाद में कच्ची शराब से करीब डेढ़ सौ लोगों की मौत के बाद जिले में व्यापक स्तर पर अभियान चला था। अभियान बंद होने केबाद जिले में फिर से कच्ची शराब बनाने का धंधा शुरू हो गया है। होली के मद्देनजर जिला आबकारी अधिकारी एमएल द्विवेदी, एसडीएम सदरन प्रदीप यादव, सीओ सिटी राजेंद्र सिंह धामा और सीओ उझानी सतीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया। शहर के कबूलपुरा में नगर पालिका बदायूं के सभासद नीरज कश्यप को कच्ची शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। कादरचौक के गांव धनूपुरा में अभियान के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। यहां तन हजार लीटर लहन नष्ट किया गया।
शहर में वृहद स्तर पर छापामारी अभियान चलाया गया। मोहल्ला कबूलपुरा में सभासद नीरज कश्यप को कच्ची शराब बेचते हुए पकड़ा गया है। उसके पास से भारी मात्रा में शराब के पाउच बरामद हुए हैं। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
-मुन्ना लाल द्विवेदी, जिला आबकारी अधिकारी