मजदूर ठेकेदार पर किडनी निकालवाने का आरोप
एसएसपी से मिलकर की दोबारा पोस्टमार्टम की मांग
मजदूरी के बहाने ले महाराष्ट्र ले जाए गए राशिद नाम के युवक को जमकर पीटने के बाद जंगल में फेंक दिया गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में युवक की दोनों किडनी गायब मिलीं। मौत की खबर जब घर पहुंची तो परिवार वालों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने अलापुर के मजदूर ठेकेदारों के खिलाफ तहरीर देकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग एसएसपी से की।
सदर कोतवाली के मोहल्ला वैदोटोला निवासी नासिर का पुत्र राशिद रिक्शा चलाता था। बीते दिनों अलापुर थाना क्षेत्र के गांव गौरामई निवासी कुछ लोग उसके घर आए और बेटों को मजदूरी के लिए महाराष्ट्र भेजने की बात कही। 15 अप्रैल को उपरोक्त लोग उसके पुत्र राशिद, अकबर और भतीजे आदिल को महाराष्ट्र के रत्नागिरी ले गए। 17 अप्रैल को सभी को वहां एक कमरे में रोका। यहां से ठेकेदार राशिद को ले गया। उसके दोनों गुर्दे निकवाकर बेच दिए। बाद में उसे जंगल में फेक दिया।
राशिद के परिवार वालों ने मजदूरी के बहाने ठेकेदारों पर मानव अंगों की तस्करी करने का आरोप लगाते हुए सोमवार शाम एसएसपी से मुलाकात की। उन्होंने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
परिवार वालों से मिले आबिद रजा
बदायूं। महाराष्ट्र के रत्नागिरी में मजदूरी के बहाने ले जाकर युवक की हत्या की खबर मिलने पर शहर विधायक और वक्फ विकास निगम के चेयरमैन आबिद रजा ने राशिद के घर पहुंच कर परिवार वालों को ढांढस बंधाया। उनके साथ सभासद हारुन भी रहे। आबिद रजा ने शहर कोतवाली को भी राशिद के घर पर बुला लिया। मृतक के परिवार वालों की हर संभव मदद का भरोसा दिया।