असरासी के जंगल में मिले दोनों आरोपी, फिरौती मांगने की बात स्वीकारी
थाना क्षेत्र के गांव असरासी से दिनेश के सात वर्षीय पुत्र अर्पित उर्फ अंकुर को अगवा कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले दोनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने 20 लाख रुपये फिरौती के लिए अपहरण करने की बात स्वीकारी है। इससे पहले तीन सह आरोपी शनिवार को ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
असरासी निवासी दिनेश के सात वर्षीय पुत्र अर्पित उर्फ अंकुर को गांव के ही अमन गुप्ता और विशेष सिंह ने शुक्रवार शाम अगवा कर लिया था। दोनों बालक को यहां से मुरादाबाद ले गए। सर्विलांस के जरिए स्वाट टीम ने 24 घंटे में अपहृताओं को ट्रेस कर शनिवार शाम को बालक को मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के गोविंदनगर इलाके से बरामद कर लिया था। यहां से रवि, राजा और सतेंद्र को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को असरासी के जंगल से थाना पुलिस ने अमन गुप्ता और विशेष को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने फिरौती के लिए अपहरण की बात स्वीकार की है।
दिनेश की हत्या का बनाया था प्लान
कादरचौक। गिरफ्तार विशेष ने स्वीकार किया है कि उसको एक महीने पहले दिनेश ने 15 बीघा जमीन का 30 लाख रुपये में सौदा करने की बात बताई थी। विशेष से रुपये लेने कासगंज साथ में चलने की बात भी कही थी। इसके बाद विशेष ने अमन के साथ मिलकर प्लान किया कि रास्ते में ही दिनेश की हत्या कर रुपये लूट लेंगे। इसके बाद दिनेश ने रुपयों के बारे में दोबारा कोई बात नहीं की। तब इन दोनों को लगा कि रुपया दिनेश के पास आ गया है। ऐसे में दोनों ने अर्पित को अगवा कर फिरौती वसूलने की योजना बनाई।