सशस्त्र बदमाशों ने कृष्णा कॉलोनी में बोला धावा
स्वास्थ्य कर्मी के घर में लूटपाट के दौरान फायरिंग भी
सशस्त्र बदमाशों ने शनिवार रात कृष्णा कॉलोनी में फौजी और निजी अस्पताल के कर्मचारी के घरों में जमकर लूटपाट की। बदमाशों ने पहले फौजी के घर को निशाना बनाया। इसके बाद निजी अस्पताल के कर्मचारी के घर का दरवाजा यह कर खुलवा लिया कि बच्चे को इंजेक्शन लगवाना है। यहां भी बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक बदमाश भाग चुके थे।
वारदात शनिवार रात करीब दो बजे की है। नगर की कृष्णा कॉलोनी स्थित फौजी वेदपाल कश्यप के घर में बदमाश छत के रास्ते घुस गए। आहट होने पर जागे फौजी का बेटा सौरभ और पत्नी सुनीता जाग गए। शोर मचाया तो बदमाशों ने इन्हें उन्हें तमंचा दिखाकर धमका दिया। फौजी की पत्नी और बेटी के गले से सोने की चेन, अंगूठी, कुंडल और पाजेव और अलमारी में रखे 14 हजार रुपये लूट लिए। वेदपाल फौजी इन दिनों जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं।
फौजी के घर को निशाना बनाने के बाद बदमाशों ने पड़ोस में निजी अस्पताल के कर्मचारी गौरव नागर के घर पर धावा बोला। बदमाशों ने गौरव के मकान का दरवाजा बच्चे को इंजेक्शन लगवाने की बात कहकर खुलवाया। गौरव के पिता रामचंद्र को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाशों ने अलमारी और संदूक से सोने की चेन, दो अंगूठी, पाजेव और 12 हजार रुपया लूट लिए। बकौल गौरव बदमाशों की संख्या पांच-छह थी। बदमाश खाकी पेंट और काली जैकेट पहने थे। घटना के दौरान गौरव ने खुद को अपने परिवार समेत एक कमरे में बंद कर लिया। बदमाशों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। कामयाब नहीं हुए तो फायरिंग की। गोली दीवार पर लगने से प्लास्टर उखड़ गया। बदमाशों के जाने के बाद गौरव ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास इलाके में बदमाशों को तलाश किया लेकिन सुराग नहीं लग पाया। मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
------
ऐसे ही लूटा था कछला का कुष्ठ आश्रम
उझानी। फौजी वेदपाल और निजी अस्पताल के कर्मी के घर में घटना के दौरान बदमाशों का जो अंदाज रहा ,वैसा ही दो जनवरी की रात कछला के कुष्ठ आश्रम में लूटपाट के वक्त सामने आया था। अंतर महज यही रहा कि कछला की घटना में शामिल बदमाश हॉफ पेंट पहने थे। असलाह उनके पास भी थे। पांच दिन के अंदर लूट की दूसरी घटना से लोगों में दहशत का माहौल नजर आने लगा है।
------
घटना की जानकरी मिलने पर मैं खुद मौके पर पहुंचा था। बदमाशों को तलाश करने की कोशिश भी की गई। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तहकीकात की जा रही है। जल्द वर्क आउट कर दिया जाएगा।
- गोपीचंद्र यादव, इंस्पेक्टर उझानी