अब शहर, उझानी, अलापुर में फूंके गए पुतले
नहीं थम रहा कमलेश के खिलाफ प्रदर्शन का सिलसिला
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शहर के गद्दी चौक पर प्रदर्शन करते हुए कमलेश तिवारी का पुतला फूंक दिया। डीएम को ज्ञापन देकर तिवारी पर कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में शब्बीर गद्दी, वार्ड मेंबर शहराब हुसैन, बैसर अली, इमरान गद्दी, पप्पू, अल्ताफ, शोबी, आसिफ, राशिद कुरैशी, शाकिब, नाजिम, औरंगजेब आदि मौजूद रहे।
उझानी में जुमे की नमाज के बाद घंटाघर चौराहे पर प्रदर्शन
उझानी। पैगंबर ए इस्लाम पर बयानबाजी से भड़के मुस्लिमों ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद आरोपी कमलेश तिवारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते घंटाघर चौराहे पर भी पहुंच गए। उन्होंने फांसी की मांग करते हुए कमलेश तिवारी का पुतला फूंक दिया। जामा मस्जिद के इमाम कारी अब्दुल कलाम कादरी की मौजूदगी में जुटे मौलवी और उलमा के साथ हजारों की संख्या में लोग मस्जिद परिसर से होकर बिल्सी रोड बाजार में पहुंचे, तो कुछ दुकानदारों ने शटर गिरा लिए गए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति से मांग की है कि पूरे मामले की नियमित सुनवाई कराके आरोपी को फांसी की सजा दिलाई जाए। ज्ञापन में भड़काऊ बयान छापने वाले समाचार पत्र का पंजीकरण रद किए जाने की भी मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन रोड पर भी पहुंचकर हंगामा का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाकर लौटा दिया। सीओ जगदीश सिंह के साथ कोतवाली पुलिस के अलावा आसापास थानों के फोर्स और पीएसी के जवान मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों में अरशद हाफिज, परवेज अहमद, जमीर खान, डॉ. शफातुल्लाह, अकरम, डॉ. नईमउद्दीन, राशिद नेता, इसरार खलीफा, छोटे कुरैशी, अनवर खां, शौकत अली सैफी, गुलाम फरीद, मुबारिक अली आदि शामिल थे।
एसडीएम के घेराव का प्रयास
उझानी। प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम समुदाय के कई युवक स्टेशन रोड पर एसडीएम सदर प्रदीप कुमार का घेराव करने की कोशिश करते दिखे। पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को लौटाने से पहले उन्हें संयम बरतने की सलाह दी। एसडीएम के पास प्रदर्शनकारी ज्ञापन देने के लिए पहुंचे थे। लोगों में गुस्से के मद्देनजर पीएसी को भी सतर्क कर दिया गया।
अलापुर में जुलूस निकालकर पुतला फूंका
अलापुर। मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी करने वाले कमलेश तिवारी को फांसी देने की मांग करते हुए जुलूस निकाल तिवारी का पुतला फूंका गया। जलसे का आयोजन करने के साथ ही मुस्लिम समुदाय के लोगों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को दिया। जुमा की नमाज अदा करने के बाद जुलूस की शक्ल में तमाम मुस्लिम नेहरू आदर्श इंटर कालेज के मैदान पर पहुंचे। वहां आयोजित जलसे में वक्ताओं ने तकरीर पेश करते हुए तिवारी को फांसी देने की मांग की। इस दौरान इमाम मौलाना युनुस अली, रिफाकत सकलैनी, फहीम सकलैनी,नफीस सकलैनी, साबिर, सलीम, अंजुम आदि मौलाना मौजूद रहे।
विधायक कल रखेंगे भूख हड़ताल
बदायूं। शहर विधायक और उत्तर प्रदेश वक्फ विकास निगम के अध्यक्ष आबिद रजा 20 दिसंबर को सांकेतिक हड़ताल करेंगे। उनके विशेष कार्याधिकारी अजहर सिद्दीकी ने बताया कि विधायक रजा छोटे सरकार की दरगाह के पास सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठेेंगे। इसके साथ केंद्र सरकार से मांग की जाएगी कि हुजूर ए पाक की शान में गुस्ताखी करने वाले पर रासुका लगाई जाए।