शहर के कई इलाकों में तनाव, पीएसी तैनात की गई
कई घंटे तक छावनी बना रहा अस्पताल, गैंगवार के डर से बाजार बंद
मांस कारोबार में छिड़ी वर्चस्व की जंग में मंगलवार को एक और जान चली गई। अब हिस्ट्रीशीटर रहे नईम उर्फ राजा के छोटे भाई फहीम तुर्क को मार दिया गया। सुबह कबूलपुरा रबन्ना में उसकी छुरे से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है। फहीम की हत्या के बाद खंडसारी, कबूलपुरा और मीट मार्केट दिन भर गैंगवार के भय के चलते बंद रहे। गलियों तक में सन्नाटा पसरा रहा। एसएसपी सुनील सक्सेना, एसपी सिटी अनिल यादव ने मौका मुआयना करने के बाद कई थानों का फोर्स इन इलाकों में तैनात कर दिया।
शहर के मोहल्ला खंडसारी निवासी फहीम तुर्क (32) पुत्र मोहम्मद कासिम मीट का कारोबार करता था। फहीम के भाई हिस्ट्रीशीटर नईम उर्फ राजा की मीट कारोबार में वर्चस्व को लेकर 20 अक्तूबर 2015 को छोटी सराय में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से कारोबार की कमान फहीम के पास थी। नईम की हत्या के बाद कई गुट मांस और पोटली (पशु का एक अंग) के कारोबार पर कब्जा चाहते थे। कुख्यात रहे नईम का भाई होने की वजह से फहीम का कोई खुलकर विरोध नहीं कर पा रहा था।
फहीम अपने साथियों के साथ मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मांस की दुकानों से वसूली को निकला था। करीब आठ बजे वह कबूलपुरा रबन्ना स्थित नन्हा की मीट की दुकान पर पहुंचा। यहां उसका वसूली को लेकर विवाद हो गया। नन्हा ने फहीम पर छुरे से वार कर दिए। छुरा फहीम की गर्दन पर बाईं ओर लगा। गला कटने से वह वहीं बैठ गया। फहीम के साथियों ने फायरिंग की, तो नन्हा अपने साथियों के साथ जान बचाकर मौके से भाग गया। फहीम को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। फहीम की हत्या की खबर जंगल में आग की तरह फैली। कहीं गैंगवार न हो जाए, इसलिए कई इलाकों में पीएसी लगा दी गई। जिला अस्पताल के साथ पोस्टमार्टम हाउस भी छावनी में तब्दील रहा। खंडसारी, कबूलपुरा, घंटाघर और मीट मार्केट भी तनाव के चलते दिन भर बंद रहे। मामले में फहीम के चाचा नासिर की ओर से शराफत, राजा, हाशिम, लल्ला और नन्हा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
-----
रुपयों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद फहीम की हत्या की गई। मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सुनील सक्सेना, एसएसपी