इस्लामनगर स्थित ससुराल में आ रहे थे चचेरे-तहेरे भाई
चंदौसी-इस्लामनगर रोड पर उल्ला मोड़ के पास हादसा
चंदौसी-इस्लामनगर रोड पर उल्ला मोड़ के पास बाइक सवार चचेरे-तहेरे भाइयों को निजी बस ने रौंद दिया। हादसे में तहेरे भाई की मौके पर मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। हादसा दिन में करीब 11 बजे हुआ। पुलिस ने शिनाख्त के बाद मृतक के परिवार वालों को खबर दे दी। वे भी पहुंच गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुरादाबाद के कुंदरकी निवासी 34 वर्षीय सचिन पुत्र सतीश की इस्लामनगर कस्बे के मोहल्ला मछली बाजार में ससुराल है। रविवार को सचिन अपने चचेरे भाई 14 वर्षीय प्रशांत पुत्र टिल्लू के साथ बाइक से ससुराल आ रहा था। इनकी बाइक को चंदौसी-इस्लामनगर रोड पर उल्ला मोड़ के पास निजी बस ने रौंद दिया। हादसे में सचिन की मौके पर मौत हो गई और प्रशांत गंभीर घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेज दिया। इनके परिवार वालों को भी सूचना दे दी। दोनों के परिवार वाले भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद बस का चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रशांत का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। सचिन की मौत से परिवार में कोहराम है।