शहर के मोहल्ला ब्राह्मपुर निवासी रिटायर्ड इंजीनियर विजेंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी सन्नो गुप्ता के शव आठ अप्रैल को घर की रसोई में मिले थे। दोनों की नृशंस हत्या की गई थी। इस चर्चित हत्याकांड में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना की क्लू तलाशने के लिए पुलिस ने दंपति के छोटे पुत्र हेमंत गुप्ता का पॉलीग्राफी और नार्को टेस्ट कराया है। 15 अक्तूबर को हेमंत पुलिस टीम के साथ लखनऊ स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला गया था। तीन दिन के टेस्ट के बाद वह वापस आ गया है। टेस्ट के दौरान विशेषज्ञों ने पुलिस के तैयार किए गए 70 बिंदुओं पर हेमंत से पूछताछ की। अगले 15 दिन में पुलिस को विधि विज्ञान प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिल जाएगी।
हेमंत का नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट हो गया है। अगले 15 दिन में रिपोर्ट मिल जाएगी। उम्मीद है कि रिपोर्ट आने के बाद चर्चित हत्याकांड में कुछ क्लू मिल सकते हैं।-मनोज कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली