अधेड़ दुकानदार ने बुधवार को बरेली-मुरादाबाद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। परिजनाें का कहना है कि दुकानदार मानसिक रूप से परेशान था लेकिन इसकी वजह सामने नहीं आई है।
दबतोरी निवासी 50 वर्षीय वीरेंद्र सिंह चौहान रेलवे स्टेशन पर किराने की दुकान चलाते थे। बुधवार को दोपहर करीब एक बजे वह गांव गुरियारी निवासी नेत्रपाल के यहां जाने की बात कहकर घर से बाइक लेकर निकले थे लेकिन वहां न जाकर वह रेलवे ट्रैक पर चले गए और दोपहर 2.20 बजे आई बरेली-मुरादाबाद पैंसेजर ट्रेन के आगे लेट गए। ट्रेन उनको रौंदते हुए आगे बढ़ गई। घटना के बाद ट्रेन चालक ने स्टेशन अधीक्षक धर्मपाल सिंह को एक व्यक्ति के ट्रेन से कट जाने की सूचना दी। स्टेशन अधीक्षक के साथ ही सीओ बिसौली निर्मल कुमार विष्ट और एसओ राजेश कश्यप भी मौके पर पहुंच गए। इस बीच मौके पर भीड़ भी इकट्ठी हो गई। किसी ने मृतक की शिनाख्त की और परिवार वालों को सूचना दी। सूचना पर घर वालों में कोहराम मच गया। पति के ट्रेन से कटकर जान दे देने की बात सुनकर पत्नी सरला देवी होश खो बैठी। मृतक के बेटे अभय चौहान और पवन चौहान का भी बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।