गुरुवार को सरेशाम हुई सर्राफ व्यापारी पिता-पुत्र से लाखों रुपयों की लूट के मामले में पुलिस लुटेरों का सुराग नहीं लगा सकी। घटना वाले दिन हिरासत में लिए गए संदिग्ध से युवक से अभी पूछताछ चल रही है। फिलहाल उससे कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी है। हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द लूटकांड का खुलासा किया जाएगा।
बताते चलें कि म्याऊ निवासी रामकिशोर और सुखपाल की थाना क्षेत्र के गांव जगत में सर्राफ की दो दुकानें हैं। इन दुकानों पर पिता-पुत्र बैठते हैं। गुरुवार को वह बाइक से घर लौट रहे थे। भसराला से अलापुर जाने वाले मार्ग पर पीछे से दो बाइकों पर आए छह बदमाशों ने बाइक चला रहे सुखपाल को तमंचे की बट मारकर गिरा दिया था। बदमाशों ने सुखपाल और रामकिशोर के पास से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी भरे थैले छीन लिए थे। बदमाश वारदात को अंजाम देकर ककराला की तरफ भा गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिटी अनिल कुमार यादव और सीओ एसके त्यागी ने भी हिरासत में लिए गए युवक पूछताछ की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। एसओ जीतसिंह ने बताया कि पुलिस टीम लगी हुई है। मुखबिरों को भी लगाया गया है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।