एक उचक्के ने कार से ऑयल गिरने का बहाना बनाकर एक व्यापारी और उनकी मां का पर्स उड़ा दिया। घटना की तहरीर देने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बदायूं-मेरठ हाईवे पर अकबराबाद चौराहे के पास हुई। दातागंज के मोहल्ला सदर बाजार निवासी व्यापारी मोहन गुप्ता अपनी मां के साथ कार में बबराला जा रहे थे। वेअकबराबाद चौराहे के पास पहुंचे। तभी एक अनजान व्यक्ति ने ड्राइवर से गाड़ी के इंजन से ऑयल लीक होने का बहाना किया। ड्राइवर चेक करने के लिए नीचे उतरा। तभी उचक्के ने गाड़ी में विषैली गैस का स्प्रे कर दिया। दम घुटने पर व्यापारी और उनकी मां कार से नीचे उतरे। इसी दौरान उचक्का व्यापारी मोहन गुप्ता व उनकी मां का पर्स लेकर भागने लगा। व्यापारी ने बताया कि उनकी मां के पर्स में 18 हजार रुपये, एक मोबाइल, पेनकार्ड, आधार कार्ड और उनके पर्स में चार सौ रुपये थे। इस घटना का पता लगने पर कस्बे के व्यापारी कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।