फरवरी के 28 दिन हादसों, हत्या और बलात्कार की घटनाओं के नाम रहे। इन दिनों जिले भर में हुए सड़क हादसों में 25 लोगों की मौत हुई। सात लोगों की हत्या कर दी गई और रेप-गैंगरेप की छह घटनाएं हुईं। हत्या के कई ऐसे उलझाऊ मामले सामने आए, जिनमें पुलिस अभी तक हाथ-पैर मार रही है।
यह हुए हादसे
एक फरवरी को सहसवान में डीसीएम-ट्रक की भिडंत में डीसीएम चालक अंसार हुसैन की मौत हो गई। दो तारीख को उझानी कोतवाली के कछला तिराहे पर हादसे में शहर के ऊपरपारा निवासी अमित की मौत हो गई। इसी दिन दातागंज में ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की भिड़ंत में कैमुआ के शंकरलाल की जान चली गई। चार फरवरी को मूसाझाग में ट्रक-मैजिक की भिडंत में हजरतपुर की गिरिजा देवी की जान चली गई। छह फरवरी को टैंकर-ट्रैक्टर की भिड़ंत में बिसौली के चमरपुरा निवासी बाल मुकुंद की जान चली गई। सात फरवरी को शहर के लालपुल पर ट्रैक्टर-ट्राली ने सात साल के भारत को कुचल दिया। अगले दिन इस्लामनगर ब्लाक के कर्मचारी सुरजीत की जरीफनगर में हादसे में मौत हो गई। इसी दिन बिसौली के युवा व्यापारी रिंकू कथुरिया की हादसे ने जान ले ली। 11 फरवरी को शहर के पास हुए हादसे में गन्ना विभाग के कर्मचारी रामऔतार और सहसवान में नौ साल के खुस्सू की जान चली गई। 13 फरवरी को कछला में रोडवेज बस की टक्कर से सफाई कर्मचारी अनोखे लाल और उनके साले राजेंद्र की मौत हो गई। 14 फरवरी को हादसे में सहसवान के शहवाजपुर की सुमन की जान गई। 16 फरवरी को जिला अस्पताल के एक्स-रे टेक्नीशियन जेपी यादव की हादसे में मौत हुई। 17 तारीख को सहसवान में श्रीपाल और शहर के लालपुर के पास हुए हादसे में मोहम्मद नवी की जान चली गई। 20 फरवरी को बिसौली में हुए एक हादसे में किशनवीर की सात साल की बेटी निशान की मौत हुई। 21 फरवरी को सहसवान के सिलहरी के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर में धर्मेद्र की मौत हो गई। 22 फरवरी को शहर के वेद प्रकाश के बेटे राहुल और बेटी प्रीति की बीआरबी स्कूल के पास हादसे में जान चली गई। महीना खत्म होते-होते 26 फरवरी को कादरचौक में बाइक पेड़ से टकराने से छात्र विशाल, फैजगंज बेहटा में छात्रा सोनम और उसहैत में धनपाल, सुरेश, गोरे सिंह की हादसों में मौत हो गई।
यह हुए रेप के मामले
पांच फरवरी को कादरचौक थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच लोगों ने दो महिलाओं के साथ गैंगरेप किया। तीन दिन बाद इसकी रिपोर्ट दर्ज हो सकी। चार फरवरी को भी कादरचौक थाने में नाबालिग से रेप का मामला सामने आया। गांव के पिंटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। नौ फरवरी को जरीफनगर थाने के एक गांव में तेरहवीं की दावत के दौरान नाबालिग से इंद्रपाल और प्रेमपाल ने रेप किया। दो दिन बाद इंद्रपाल का शव मिला था। 16 और 19 फरवरी को सिविल लाइंस थाने में विवाहिता और नाबालिग से रेप की घटना हुई। इसमें 21 फरवरी को मुकदमा दर्ज हुआ। 21 फरवरी को ही जरीफनगर थाने के एक गांव में नौ साल की बच्ची के साथ रेप हुआ।
हत्या की ये हुईं घटनाएं
सात फरवरी को दातागंज के व्यापारी राजेंद्र गुप्ता की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। इसी दिन दो दिन से लापता बिसौली के सुखपाल का शव रानेट के पास मिला था। 11 फरवरी को गैंगरेप के आरोपी इंद्रपाल का शव उघैती के खिरकबारी भूड़ के पास मिला था। 15 फरवरी को बिसौली में सोतनदी के पास सीतामणि आश्रम के महंत लालगिरी की लाश पेड़ पर लटकती हुई मिली। 20 फरवरी को रुदायन में विनीत शर्मा की हत्या हुई। सात फरवरी 26 फरवरी को बिल्सी के मुस्ताक को उसके चाचा शाकिर ने ही गोली से उड़ा दिया। इसी दिन जरीफनगर में रामऔतार को उनके भाई गेंदनलाल ने गोली से उड़ा दिया। 27 फरवरी को जरीफनगर के गांव मोरूवाला में दहेत हत्या के आरोपी हरवीर की हत्या करके शव फेंक दिया गया। इस दौरान जिले में दहेत हत्या के भी तीन मामले दर्ज हुए। 28 फरवरी को बिल्सी के शहजादनगर खेड़ा में तीन दिन से लापता सफाई कर्मी विकास का शव मिला।