जिला अस्पताल पहुंचे घरवालों ने की युवक के शव की शिनाख्त
ककराला निवासी जाने आलम था मृतक, दिल्ली से लौट रहा था घर
दिल्ली से घर लौटते वक्त बाइक सवार युवक को अज्ञात मेटाडोर ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई लेकिन पुलिस शव लेकर जिला अस्पताल पहुंच गई। शव की शिनाख्त ककराला निवासी जाने आलम के रूप में हुई। पुलिस ने अज्ञात मेटाडोर के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हादसा बदायूं रोड पर गांव जिरौलिया के पास रात में बृहस्पतिवार रात में करीब 11 बजे हुआ। ककराला में बार्ड नंबर 23 निवासी जाने आलम (30) पुत्र छोटे दिल्ली में काम करता था लेकिन रात में उसके नाम और पते को लेकर पसोपेश रहा। वह दिल्ली से बाइक लेकर घर को चला। सामने से तेज रफ्तार मेटाडोर ने उसे टक्कर मार दी। किसी चश्मदीद राहगीर ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
देर रात ही जिला अस्पताल पहुंचे घरवालों ने शव को देखते ही उसे पहचान लिया। हादसे के बाद चालक मेेटाडोर को भगा ले गया था। पुलिस मेेटाडोर का नंबर और उसके चालक के बारे में जानकारी करने में जुटी है। कोतवाल गोपीचंद्र यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मेटाडोर का पता लगाकर चालक को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा शुक्रवार सुबह में कछला रोड बाजार में मोहल्ला नझियाई निवासी राजवीर के 13 वर्षीय बेटे इतवारी को मेटाडोर ने चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल इतवारी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।