लोहा व्यापारी के गोदाम में नौकर अखिलेश की लाश मिलने पर हड़कंप
मच गया। भनक लगते ही मृतक के घरवाले भी पहुंच गए। गुस्साए घरवालों के साथ
ग्रामीणों ने व्यापारी के प्रतिष्ठान पर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने शव
को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत का कारण अज्ञात है।
नगर
निवासी लोहा व्यापारी सुरेश जैन की दु़कान गंजशहीदा इलाके में बकरियों वाले
नखासे के पास है। दुकान पर कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी अखिलेश
कुमार यादव काम करता था। वह गुरुवार सुबह दुकान पहुंचा। जानकारी के अनुसार
उसने कई ग्राहकों को दुकान के सामने स्थित गोदाम से सरिया भी निकाल कर दी।
दोपहर में वह गोदाम पर नहीं दिखा। अपराह्न में अखिलेश के गांव फतेहपुर
निवासी नेत्रपाल और श्रीपाल सरिया खरीदने उस दुकान पर पहुंचे। उन्हें
अखिलेश नजर नहीं आया तो दोनों ने सुरेश से पूछा। व्यापारी ने जानकारी होने
से इंकार कर दिया। वहीं उनका ध्यान गोदाम पर गया जहां ताला लटका मिला।
दुकान
मालिक के जवाब से असंतुष्ट नेत्रपाल ने हथौड़ा से ताला तोड़ दिया। अंदर
अखिलेश जमीन पर पड़ा मिला। जिंदा होने की उम्मीद में ठेला में डाल कर वह
उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने देखते ही अखिलेश को मृत घोषित कर
दिया। नेत्रपाल ने गांव फोन करके अखिलेश के घरवालों को भी बुला लिया। शव
देख भड़के ग्रामीणों के साथ घरवालों ने हंगामा किया।
सूचना पर पुलिस भी
पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के भाई मोरपाल से तहरीर लेने के बाद शव कब्जे में
ले लिया।
कोतवाल देवराज राठी ने बताया कि मौत की वजह अस्पष्ट है।
पोस्टमार्टम के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। तहरीर में हत्या या फिर हादसे
में मौत की वजह भी नहीं लिखी गई है।
छह माह से काम कर रहा था
उझानी।
आर्थिक रूप से कमजोर अखिलेश लोहा व्यापारी सुरेश जैन की दुकान पर करीब छह
महीना से नौकर था। उसका काम गोदाम से सरिया निकालना था। भाई मोरपाल ने
बताया कि अखिलेश अपने मालिक का सबसे वफादार था, लेकिन यह सब कैसे हो गया?
पता ही नहीं लग पाया।
पुलिस ने व्यापारी से जाना घटनाक्रम
उझानी।
पुलिस ने दुकान मालिक समेत उसके बेटे से भी घटनाक्रम के बारे में जानकारी
हासिल की। सुरेश ने पुलिस को यही बताया कि उसकी दुकान पर चार-पांच नौकर
हैं। गोदाम पर ताला किसने डाला, पता नहीं चला है।
पति का शव देख गश खाकर गिरी सरस्वती
उझानी।
फतेहपुर निवासी मृतक अखिलेश अपने गांव में शालीनता के लिए सबका प्रिय था।
चार भाइयों में सबसे छोटा अखिलेश का शव ठेला पर देख उसकी पत्नी सरस्वती
उर्फ पूनम गश खाकर जमीन पर गिर पड़ी। सात साल का बेटा परनेश भी बिलख रहा
था। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।